मुंबई

Mumbai News : महामारी का कहर: महाराष्ट्र में 4.11 लाख संक्रमित, अब तक 14,729 की मौत

पुणे और ठाणे में कोरोना बेकाबू, मुंबई और नासिक में भी बढ़े मरीज
24 घंटे में कोरोना को मात देकर घर लौटे 8,860 लोग
संक्रमितों का रिकवरी रेट 60.37 प्रतिशत
20.70 लाख लोगों की जांच में 19.89 प्रतिशत पॉजिटिव

मुंबईJul 31, 2020 / 12:18 am

Binod Pandey

Mumbai News : महामारी का कहर: महाराष्ट्र में 4.11 लाख संक्रमित, अब तक 14,729 की मौत

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुंबई. सख्ती के बावजूद महाराष्ट्र में कोरोना का फैलाव जारी है। पुणे और ठाणे में महामारी बेकाबू बनी हुई। मुंबई और नासिक सहित अधिकांश जिलों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गुरुवार को राज्य में 11,147 नए मामले सामने आए। इसके साथ संक्रमितों की कुल संख्या 4.11 लाख को पार कर गई। इनमें 2 लाख 48 हजार ठीक हो चुके हैं जबकि 1.48 संक्रमितों का उपचार जारी है। 24 घंटे में 266 लोगों ने दम तोड़ दिया। कोरोना से राज्य में 14,729 लोगों की मौत हो चुकी है। पुणे में आज 3,309 और ठाणे में डेढ़ हजार से ज्यादा मरीज मिले। राज्य में संक्रमितों का रिकवरी रेट 60.37 प्रतिशत और मृत्यु दर 3.58 फीसद है। 20 लाख 70 हजार लोगों की जांच अब तक की गई है, जिनमें 19.89 प्रतिशत पॉजिटिव मिले हैं।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज 1,208 नए मामले सामने आए। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 1 लाख 13 हजार को पार कर गई। इनमें 86 हजार से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं जबकि 20 हजार 158 का उपचार जारी है। मायानगरी में कोरोना 6,300 लोगों की जान ले चुका है, जिनमें 53 मामले आज के हैं। ठाणे में 31,923 और पुणे में 48,815 एक्टिव केस हैं। नासिक के 14,295 संक्रमितों में से 8,483 ठीक हो चुके हैं।
ठाणे शहर में 20 हजार पार
ठाणे शहर मनपा क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 हजार के पार 20,181 तक पहुंच गई है। ठाणे के ग्रामीण क्षेत्र में 13,247, नवी मुंबई में 16,658, कल्याण डोंबिवली में 22,286, उल्हासनगर में 6,992, भिवंडी में 3,804, मीरा भायंदर में 8,616, वसई विरार में 11,853 और पनवेल मनपा क्षेत्र में 7,056 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। आज नवी मुंबई में 10, ठाणे शहर और कल्याण डोंबिवली में 6-6 लोगों की मौत हुई।
पुणे में 83 की मौत
पुणे जिले में आज 83 कोरोना मरीजों की मौत हुई। उपचार के दौरान पुणे मनपा क्षेत्र में 52, ग्रामीण क्षेत्र में 21 और पिंपरी चिंचवड में 10 लोगों ने दम तोड़ दिया। पुणे शहर में 56,954 लोग अब तक संक्रमित मिले हैं। आज नासिक शहर में 7 और ग्रामीण क्षेत्र में दो लोगों की जान गई।

Home / Mumbai / Mumbai News : महामारी का कहर: महाराष्ट्र में 4.11 लाख संक्रमित, अब तक 14,729 की मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.