script27 जनवरी से मायानगरी की रातें होंगी जगमग | mumbai nightlife | Patrika News

27 जनवरी से मायानगरी की रातें होंगी जगमग

locationमुंबईPublished: Jan 22, 2020 07:27:21 pm

Submitted by:

Arun lal Yadav

24 घंटे खुले रहेंगे मॉल रेस्टोरेंट, जब चाहें कर सकते हैं शापिंग
बीकेसी और नरीमन प्वाइंट से होगी शुरुआत
मौजूदा नियमों में बंधे रहेंगे बीयर बार और पब
रात भर शराब परोसने की इजाजत नहीं

27 जनवरी से मायानगरी की रातें होंगी जगमग

27 जनवरी से मायानगरी की रातें होंगी जगमग,27 जनवरी से मायानगरी की रातें होंगी जगमग,27 जनवरी से मायानगरी की रातें होंगी जगमग

 

मुंबई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नाइट लाइफ कल्चर को महाराष्ट्र विकास आघाडी सरकार की हरी झंडी मिल गई है। 27 जनवरी से मायानगरी की रातें जगमग होंगी। चुनिंदा इलाकों में होटल, रेस्टोरेंट, मॉल, मल्टीप्लेक्स के साथ दुकानें भी 24 घंटे खुली रखी जा सकती हैं।

आलोचना से बचने के लिए सरकार ने फिलहाल बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी) और नरीमन प्वाइंट में ही नाइट लाइफ बहाली का फैसला किया है। बीयर बार और पब मौजूदा नियमों के अनुसार ही चलेंगे यानी इन्हें रात भर शराब परोसने की छूट नहीं मिलेगी। हां, मुंबईकर जब चाहें शापिंग कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक के बाद पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने बताया कि फिलहाल नाइट लाइफ कल्चर को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है। सफलता मिली तो पूरे महानगर में इसकी बहाली होगी। गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि नाइट लाइफ योजना पर अमल से पुलिस अमले पर कोई दबाव नहीं बढ़ेगा। दुकानदार अपनी सुविधानुसार दुकानें खोल या बंद कर सकते हैं।

गृह मंत्री ने जताई थी चिंता
गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पहले नाइट लाइफ बहाली पर चिंता जताई थी। लेकिन, बुधवार को उन्होंने कहा कि कैबिनेट बैठक में सभी मसलों पर चर्चा हुई। देशमुख ने कहा कि मॉल-होटल में प्राइवेट सिक्युरिटी गार्ड होते हैं। जरूरत के मुताबिक मॉल को पुलिस सुरक्षा भी मुहैया कराई जा सकती है, जिसके लिए पैसे चुकाने होंगे।

रात भर खानपान सुविधा
नाइट लाइफ योजना की मंजूरी पर पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय शहर है। देश-विदेश के पर्यटक यहां आते रहते हैं। लोगों का 24 घंटे शापिंग, मनोरंजन और खानपान की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 2013 से ही हम इसकी मांग कर रहे थे।

बढ़ेंगे रोजगार अवसर
पर्यटन मंत्री ठाकरे ने कहा कि नाइट लाइफ योजना से मुंबई में 10 लाख लोगों के लिए रोजगार अवसर बन सकते हैं। तीन शिफ्ट में लोग काम कर सकते हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था को भी इसका लाभ होगा। सेवाओं-उत्पादों की जितनी मांग बढ़ेगी, सरकार की राजस्व वसूली में उसी हिसाब से इजाफा होगा।

भाजपा-मनसे खिलाफ
भाजपा और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने नाइट लाइफ कल्चर का विरोध किया है। भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा कि 24 घंटे मॉल खुले रहेंगे तो महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहेगी। पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित ने कहा था कि 24 घंटे बीयर बार और पब खोलने की छूट मिली तो बलात्कार के मामले बढ़ेंगे। मनसे के संदीप देशपांडे ने सरकार के इस फैसले पर तंज करते हुए ट्वीट किया-चलो, अब मुंबई में भी ‘रात का खेल’ खेलते हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो