scriptदेवड़ा को मुंबई की कमान, निरुपम को उत्तर-पश्चिम का टिकट | Murali Deora Now Mumbai Congress Chief | Patrika News

देवड़ा को मुंबई की कमान, निरुपम को उत्तर-पश्चिम का टिकट

locationमुंबईPublished: Mar 25, 2019 09:30:44 pm

Submitted by:

Nitin Bhal

लोकसभा चुनाव से पहले निरुपम को झटका, लंबे समय से पार्टी के नेता संजय को हटाने की कर रहे थे मांग

देवड़ा को मुंबई की कमान, निरुपम को उत्तर-पश्चिम का टिकट

देवड़ा को मुंबई की कमान, निरुपम को उत्तर-पश्चिम का टिकट

मुंबई. लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने मुंबई कांग्रेस में बड़ा फेरबदल किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंड देवड़ा को मुंबई कांग्रेस की कमान सौंपी गई है। संजय निरुपम को पद से हटा दिया गया है। मुंबई कांग्रेस में फेरबदल की संभावना तो पहले से जताई जा रही थी, लेकिन आम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के इस फैसले पर राजनीतिक विश्लेषक भी हैरान हैं। उल्लेखनीय है कि देवड़ा दक्षिण मुंबई संसदीय सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार है। वहीं, सोमवार को जारी सूची में कांग्रेस ने उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट से निरुपम को उम्मीदवार बनाया है। उत्तर मुंबई से फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को कांग्रेस का टिकट मिलने की चर्चा है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मुंबई कांग्रेस में हुए बदलाव के बाद कई गुटों में बंटे कांग्रेस नेताओं ने संतोष व्यक्त किया है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि अब पार्टी में गुटबाजी खत्म होगी और देवड़ा सभी को साथ लेकर चलेंगे। उल्लेखनीय है कि मिलिंद के पिता दिवंगत मुरली देवड़ा लंबे समय तक मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे। राजनीति और कारोबारी समाज में मुरली भाई के नाम से मशहूर रहे देवड़ा के कार्यकाल में मुंबई कांग्रेस एकजुट रही थी। हालांकि कांग्रेस आलाकमान के इस फैसले से पार्टी कार्यकर्ता थोड़ा दबाव महसूस कर रहे हैं।
हम सब मिलिंद के साथ

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमीन पटेल ने कहा कि देवड़ा को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का हम स्वागत करते हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलिंद के साथ हैं। मुंबई कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता निरुपम की कार्यशैली से नाराज थे। कई बार निरुपम के खिलाफ पार्टी हाईकमान से शिकायत की की गई थी। देवड़ा ने भी ट्वीट कर निरुपम की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
राहुल और निरुपम को दिया धन्यवाद

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति के लिए देवड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि मैं दिल से मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष निरुपम का भी शुक्रिया अदा करता हूं। सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि आपसी मतभेद भुला कर पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव के लिए काम करें ताकि केंद्र से मोदी सरकार हटाई जा सके।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो