मुंबई

Mumbai Event : मेरे घर में पधारो गजानंद जी…से गुंजायमान हुआ गोकुल धाम

त्योहार की मनुहार : पत्रिका और उदयपुर मैत्री संघ का संयुक्त आयोजन
राजस्थान की लोक परंपरा को कायम रखते हुए उदयपुर मैत्री संघ की महिलाओं ने पारम्परिक राजस्थानी परिधान में…मेरे घर में पधारो गजानंद जी, गीत सुनाकर विघ्नहर्ता का आह्वान कर कार्यक्रम की शुरुआत की। धरती धोरां री…गीत के जरिए महाराणा प्रताप की वीर भूमि का सुंदर चित्रण किया गया।

मुंबईOct 14, 2019 / 11:56 pm

Binod Pandey

Mumbai Event : मेरे घर में पधारो गजानंद जी…से गुंजायमान हुआ गोकुल धाम

मुंबई. राजस्थान प्रवासियों का गढ़ कहे जाने वाले गोकुल धाम गोरेगांव में पत्रिका मुंबई और उदयपुर मैत्री संघ के संयुक्त तत्वावधान में स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया। त्योहार की मनुहार कार्यक्रम के तहत झीलों की नगरी कहे जाने वाले उदयपुर से मुंबई के प्रवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। राजस्थान की लोक परंपरा को कायम रखते हुए उदयपुर मैत्री संघ की महिलाओं ने पारम्परिक राजस्थानी परिधान में…मेरे घर में पधारो गजानंद जी, गीत सुनाकर विघ्नहर्ता का आह्वान कर कार्यक्रम की शुरुआत की। धरती धोरां री…गीत के जरिए महाराणा प्रताप की वीर भूमि का सुंदर चित्रण किया गया। इस आयोजन में उदयपुर के करीब दो सौ प्रवासी परिवारों ने हिस्सा लिया, कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक के बाद एक सुंदर गीत, नृत्य, ग्रुप डांस, ड्रामा, जोड़ी डांस आदि प्रस्तुत कर सम्पूर्ण मेवाड़ की खुशबू मुंबई में बिखेर दी।

नए पदाधिकारी नियुक्त हुए
आयोजन में इसके बाद संघ के नए पदाधिकारियों को घोषणा की गई, जिसमें नवनियुक्त अध्यक्ष के रूप में पंकज पोखरना के नाम की घोषणा की गई। इसके अलावा उपाध्यक्ष के रूप में अनुराधा मेहता, सचिव मीना चौधरी, कोषाध्यक्ष दिनेश बापना बनाए गए। इस स्नेह मिलन के अवसर पर पत्रिका मुंबई परिवार एवं युक्ति फिल्म प्रोडक्शन के सदस्य भी मौजूद रहे। एक तरफ उदयपुर संघ ने की त्योहारों की मीठी मनुहार, तो वहीं पत्रिका ने की संघ पर उपहारों की बौछार। कार्यक्रम में पत्रिका मुंबई ने अपने लाड़ले पाठकों की कला को पत्रिका परिवार और युक्ति फिल्म प्रोडक्शन के संस्थापक रामानुज भट्टड़ के हाथों उपहारों से सम्मानित किया। अपनी राजस्थानी मरुधरा से जन्मी पत्रिका मुंबई के इस स्नेह को पाकर पाठकों ने पत्रिका के इस कम्युनिटी कनेक्ट पावर को खूब सराहा। वर्षों पुराने पत्रिका से अपने जुड़ाव को अपने-अपने तरीके से व्यक्त किया।
इस अवसर पर अर्चना पोखरना, अशोक बापना, प्रताप मेहता, रोशन कोठारी, महेंद्र मेहता, राजेंद्र दक आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन पत्रिका की ओर से उपहार वितरण एवं उदयपुर के शाही भोजन के साथ किया गया। संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज पोखरना ने कहा कि वे संघ की इस जिम्मेदारी को हर तरह से निभाएंगे साथ ही उन्होंनेपत्रिका मुम्बई परिवार का मुक्त कंठों से आभार व्यक्त किया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.