scriptसांसद बनने के बाद पहली बार कोर्ट पहुंचीं प्रज्ञा | Pragya Thakur reached spacial NIA court | Patrika News

सांसद बनने के बाद पहली बार कोर्ट पहुंचीं प्रज्ञा

locationमुंबईPublished: Jun 07, 2019 06:58:11 pm

Submitted by:

Nitin Bhal

मालेगांव बम विस्फोट मामले की सुनवाई

सांसद बनने के बाद पहली बार कोर्ट पहुंचीं प्रज्ञा

सांसद बनने के बाद पहली बार कोर्ट पहुंचीं प्रज्ञा

मुंबई

मध्य प्रदेश की भोपाल सीट से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद एवं 2008 के मालेगांव बम विस्फोट की आरोपी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शुक्रवार को विशेष अदालत में हाजिर हुईं। सांसद बनने के बाद प्रज्ञा पहली बार विशेष एनआईए की अदालत में उपस्थित हुईं। 11 साल पुराने मालेगांव विस्फोट मामले की सुनवाई विशेष अदालत में चल रही है। विशेष अदालत ने मालेगांव विस्फोट मामले के सभी आरोपियों को आदेश दिया था कि वे हर सप्ताह कम से कम एक दिन सुनवाई में उपस्थित हों। मालेगांव विस्फोट मामले में अक्टूबर में आरोप तय किए गए थे। उसी समय प्रज्ञा अदालत में पेश हुई थीं। हालांकि सोमवार को याचिका दायर कर प्रज्ञा ने अदालत से अनुरोध किया था कि उन्हें इस सप्ताह पेशी से छूट दी जाए। विशेष एनआईए कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने कहा कि केवल ठोस कारण दिए जाने पर ही पेशी से छूट मिलेगी। ठाकुर ने इस आधार पर छूट मांगी थी कि उन्हें संसद में अपने निर्वाचन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करनी हैं, लेकिन अदालत ने कहा कि मामले के इस चरण में उनकी मौजूदगी आवश्यक है।
‘मुझे नहीं पता’ कहकर दिया जवाब

प्रज्ञा से विशेष एनआईए कोर्ट के जज ने पूछा कि क्या आप जानती हैं या आपके वकील ने आपको इस बारे में बताया है कि अभियोजन पक्ष ने अब तक कितने गवाहों की जांच की है? इस पर प्रज्ञा ने कहा कि मुझे नहीं पता। जज ने दूसरा सवाल पूछा कि अब तक जांच में गवाहों ने कहा है कि 29 सितंबर 2008 को एक धमाका हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी। आपका क्या कहना है? इस पर भी प्रज्ञा ने जवाब दिया कि मुझे नहीं पता।
दर्ज हो रही गवाही

विशेष कोर्ट मालेगांव विस्फोट मामले में गवाहों की गवाही दर्ज कर रही है। मामले में ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित सहित सात लोग आरोपों का सामना कर रहे हैं। मालेगांव में 29 सितंबर, 2008 को एक मस्जिद के पास हुए बम विस्फोट में छह लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हुए थे।

ट्रेंडिंग वीडियो