मुंबईPublished: Nov 19, 2022 06:07:26 pm
Chandra Prakash sain
आज टूट जाएगा अंग्रेजों के जमाने का 155 साल पुराना कर्नाक पुल
रोजाना 37 लाख से ज्यादा लोगों की होती है आवाजाही
मुंबई. आर्थिक राजधानी मुंबई में अंग्रेजों के जमाने में बना 155 साल पुराना कर्नाक पुल रविवार को टूट जाएगा। सेंट्रल रेलवे ने इसके लिए कुल 27 घंटे का मेगाब्लॉक लिया है। इस दौरान लोकल गाडिय़ां भायखला स्टेशन तक ही चलेंगी जबकि डेढ़ दर्जन से ज्यादा लंबी दूरी की गाडिय़ां कैंसल की गई हैं। यह पुल सेंट्रल रेलवे के मुख्यालय छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और मस्जिद स्टेशन के बीच स्थित है। इस रेलवे लाइन से रोजाना 37 लाख से ज्यादा लोग आवाजाही करते हैं। आम लोगों की सुविधा के लिए भायखला से दक्षिण मुंबई के लिए बेस्ट (सार्वजनिक बस सेवा) ने बसों की संख्या बढ़ाई है। भारी वाहनों की आवाजाही इस पुल से 2014 में ही रोक दी गई थी। पुल के ऊपर से छोटे वाहन गुजरते थे, जबकि नीचे से गाडिय़ां रफ्तार भरती थीं।
2018 में असुरक्षित घोषित
कर्नाक ब्रिज अंग्रेजी हुकूमत के दौर में 1866-67 में बना था। पुल में दरार आने के बाद 2014 में इस पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी), मुंबई की टीम ने जांच के बाद इसे 2018 में असुरक्षित घोषित किया था। मेगा ब्लॉक आज रात 11 बजे शुरू होगा। सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर 17 घंटे, हॉर्बर लाइन पर 21 घंटे ट्रेन सेवाएं बंद रहेंगी। रेलवे के मेल-एक्सप्रेस कोचिंग डिपो के लिए 27 घंटे का होगा। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि रविवार अपराह्न चार बजे तक मलबा हटा लिया जाएगा।
यात्रियों के लिए उपाय
सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि मेनलाइन पर भायखला, परेल, कुर्ला, दादर, ठाणे, कल्याण व कर्जत-कसारा के बीच लोकल ट्रेनें चलाई जाएगी। हॉर्बर लाइन पर वडाला से पनवेल और गोरेगांव स्टेशनों के बीच लोकल सेवा चालू रहेगी।
18 मेल-एक्सप्रेस रद
मेगा ब्लॉक के चलते सेंट्रल रेलवे की 18 मेल-एक्सप्रेस जोड़ी गाडिय़ां रद की गई हैं। दादर, पनवेल, पुणे और नासिक स्टेशनों पर 68 मेल एक्सप्रेस गाडिय़ों की सेवाएं शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजीनेट होंगी। सुतार ने बताया कि आरक्षित टिकट कैंसल कराने-रिफंड देने के लिए स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में काउंटर खोले गए हैं। यात्रियों की सहायता के लिए विभिन्न स्टेशनों पर सहायता केंद्र भी खोले जाएंगे।।
काम पर 400 मजदूर
पुल की सड़क तोडऩे का काम पहले से ही शुरू है। अधिकारियों ने बताया कि मेगा ब्लॉक के दौरान पुल पर लगे गर्डर हटाए जाएंगे। इसके लिए 500 और 700 टन क्षमता की दो क्रेन इस्तेमाल होंगी। पुल को तोडऩे के काम में 400 मजदूर तैनात किए जाएंगे। निगरानी के लिए रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे।