केमिस्ट की हत्या के आरोपी पर जेल में हमला
मुंबई. अमरावती के केमिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या के आरोपी शाहरुख पठान पर ऑर्थर रोड जेल में 23 जुलाई को हमला हुआ था। पठान के हाथ और गर्दन में चोट लगी है। मौके पर पहुंचे जेल के सुरक्षा गार्डों ने सभी कैदियों को अलग किया। एनएम जोशी मार्ग पुलिस थाने में पांच कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एफआइआर में कल्पेश पटेल, हेमंत मनेरिया, अरविंद यादव, श्रवण चव्हाण उर्फ अवान और संदीप जाधव के नाम हैं। सूत्रों के अनुसार पठान पर हमला जेल के बैरक नंबर-2 के सर्कल 11 में हुआ। बैरक में रखे गए कैदी बता रहे थे कि उनकी गिरफ्तारी क्यों हुई। पठान ने बताया कि उस पर कोल्हे की हत्या में शामिल होने का आरोप है। इसके बाद अन्य कैदियों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा के विवादित बयान का समर्थन करने के लिए कथित तौर पर 21 जून की रात कोल्हे की हत्या कर दी गई थी। गृह मंत्रालय के आदेश पर एनएआइए इसकी जांच कर रही है। मामले में गिरफ्तार सातों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। एनआइए को आरोपियों के ठिकानों से नफरत फैलाने वाले पर्चे, चाकू, सिम कार्ड, मोबाइल व आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। एनआइए यह भी पता लगा रही कि आरोपियों के तार किसी विदेशी आतंकी सगंठन से तो नहीं जुड़े हैं।