मुंबई

शादी का झांसा देकर अभिनेत्री संग किया बलात्कार,डरा-धमका कर फरार हुआ आरोपी

मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री की शिकायत के बाद उसकी मेडिकल जांच कराकर अब इस मामले को अलवर पुलिस को सौंप दिया है…

मुंबईSep 22, 2018 / 02:24 pm

Prateek

(पत्रिका ब्यूरो,मुंबई): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में चकाचौंध कर देने वाले मनोरंजन जगत से एक खबर उजागर हुई है। यहां पर टीवी की दुनिया की अभिनेत्री ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है, जिसमें उसने एक अभिनेता पर शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। अभिनेत्री का आरोप है कि अपने परिवार से मिलाने के नाम पर आरोपी अभिनेता ने उसके साथ होटल में बलात्कार किया। उसके बाद अभिनेता ने उसे शादी का झांसा देने की कोशिश की और फिर उसे डराया धमकाया। मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री की शिकायत के बाद उसकी मेडिकल जांच कराकर अब इस मामले को अलवर पुलिस को सौंप दिया है।


एक कॉलेज में साथ पढ़ाई की

थाने में दर्ज केस के अनुसार, आरोपी लड़के के साथ उसने मुंबई में ही एक कॉलेज में पढ़ाई की है। फिर दोनों अपने अपने काम में बिज़ी हो गए। हाल में ही आरोपी ने उससे सोशल मीडिया के जरिये संपर्क किया। फिर दोनों की दोबारा बातचीत शुरू हो गई और दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि दोनों ने मिलने का फैसला किया। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने परिवार से मिलवाने के लिए दिल्ली बुलाया, जिसके लिए अभिनेत्री 3 अगस्त को मुंबई से दिल्ली गई। वहां पर अभिनेता ने उसकी मुलाकात अपने परिवार से कराई और उसके परिवार के कहने से सभी लोगों ने राजस्थान के नीमराना जाने का फैसला किया।


एक्ट्रेस का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने 4 सितंबर को नीमराना होटल में उसका बलात्कार किया। जब उसने इसका विरोध किया तो लड़के ने उसे धमकी दी और वहीं पर उसे छोड़कर फरार हो गया । अभिनेत्री के मुताबिक, उसने आरोपी के परिवार से भी मिलने की कोशिश की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर वह मुंबई लौट आयी और यहां के ओशिवारा थाने में मामला दर्ज कराया ।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.