bell-icon-header
मुंबई

ओबीसी आरक्षण लागू नहीं कराया तो राजनीति से संन्यास: फडणवीस

महामारी में इस तरह का आंदोलन ठीक नहीं: मुख्यमंत्री
 

मुंबईJun 26, 2021 / 08:33 pm

Chandra Prakash sain

जिस नाव से हथियार बरामद हुए हैं, वह एक ऑस्ट्रेलियाइ दंपती की

मुंबई. स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर विपक्षी दल भाजपा ने शनिवार को पूरे राज्य में चक्का जाम किया। विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो ओबीसी आरक्षण की व्यवस्था बहाल होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ओबीसी आरक्षण लागू नहीं करा पाया तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा। भाजपा नेता ने कहा कि सत्ताधारी महाविकास आघाडी यह मुद्दा संसद में उठाने की बात कह अन्य पिछड़ा वर्ग को बरगला रही है। हकीकत में राज्य सरकार कानून बना कर इसे लागू कर सकती है। स्थानीय निकायों में ओबीसी को मिला अतिरिक्त आरक्षण सुप्रीम कोर्ट ने खत्म कर दिया है। भाजपा ने इसके लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि ओबीसी का मुद्दा सरकार ठीक से सुप्रीम कोर्ट में नहीं रख पाई। मुंडे ने कहा कि यदि हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथ मिल कर सरकार को स्थानीय निकायों का चुनाव रोकने का अनुरोध चुनाव आयोग से करना चाहिए। विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने मुंबई में सचिवालय के पास भाजपा के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी आज केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने इसका ठीकरा केंद्र पर फोड़ा। पटोले ने कहा कि अदालत ने ओबीसी के बारे में जानकारी मांगी थी, जो केंद्र सरकार ने मुहैया नहीं कराई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि महामारी के बीच इस तरह का आंदोलन ठीक नहीं है। इससे संक्रमण तेजी से फैल सकता है। बिना नाम लिए ठाकरे ने कहा कि कुछ लोगों को यह पता नहीं कि कब संघर्ष करना चाहिए और कब संवाद।

Hindi News / Mumbai / ओबीसी आरक्षण लागू नहीं कराया तो राजनीति से संन्यास: फडणवीस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.