मुंबईPublished: Jan 18, 2023 08:02:45 pm
Chandra Prakash sain
आदरांजलि: हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी की 393वीं जयंती आज
मुंबई. बीजापुर सल्तनत के खिलाफ बिगुल फूंक महाराष्ट्र में हिंदवी स्वराज्य की स्थापना करने वाले मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की बहादुरी को हर भारतीय गर्व से नमन करता है। बुद्धि बल से बादशाह औरंगजेब को मात देने वाले गुरिल्ला युद्ध में बेजोड़ मराठा योद्धा की आज 393वीं जयंती है। 19 जनवरी, 1630 को उनका जन्म शिवनेरी किले (पुणे) में हुआ था। उनकी मां का नाम जीजा बाई था। पिता शाहजी भोसले बीजापुर सल्तनत के दरबार में अहम ओहदे पर थे। रायगड किले में 6 जून, 1674 को शिवाजी के राज्याभिषेक के साथ मराठा साम्राज्य की शुरुआत हुई। 1680 में स्वर्गवास से पहले शिवाजी ने कई लड़ाई लड़ीं। कोंकण, पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में उन्होने दर्जनों किले जीते। सत्ता-प्रशासन को चलाने के लिए शिवाजी ने रायगड, सिंधु दुर्ग, प्रतापगड जैसे कई किले बनवाए। सुरक्षा के लिए शिवाजी के पास लड़ाकों की सेना तो थी ही, ताकतवर नौसेना भी बनाई थी। भारतीय नौसेना को पिछले साल जो स्वदेशी झंडा मिला है, उसमें शिवाजी की मुहर (अष्टकोणीय डिजाइन) शामिल है। खास यह कि शिवाजी के नौसेना बेड़े में 500 जहाज थे। दूरदर्शी शिवाजी मानते थे-जलमेव यस्य, बलमेव तस्य यानी जिसके पास ताकत होगी वही समुद्र पर शासन करता है।