मुंबईPublished: Jan 27, 2023 09:26:36 pm
Chandra Prakash sain
टिस प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मुंबई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री को लेकर मुंबई के टाटा इंंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में भी विवाद शुरू हो गया है। वामपंथी व कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन इस डाक्यूमेंट्री को दिखाने की तैयारी कर रहे हैं। टिस प्रशासन ने इन संगठनों के छात्रों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। केंद्र सरकार के फैसले के मद्देनजर इंस्टीट्यूट ने विवादित डाक्यूमेंट्री दिखाने की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग से तनाव बढ़ सकता है व परिसर में शांति भंग हो सकती है। कुछ छात्रों ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। सूत्रों के अनुसार डॉक्यूमेंट्री देखने के लिए छात्रों को क्यूआर कोड जारी किए गए हैं।