scriptउत्साह के साथ बाइक रैली में शामिल हुईं महिलाएं | Women joining the bike rally with enthusiasm | Patrika News

उत्साह के साथ बाइक रैली में शामिल हुईं महिलाएं

locationमुंबईPublished: Mar 11, 2019 05:47:31 pm

Submitted by:

Devkumar Singodiya

महिला दिवस : द्रोणा फाउंडेशन एवं भिवंडी पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में महिला दिवस के उपलक्ष में आयोजन

bike rally

महिला दिवस : द्रोणा फाउंडेशन एवं भिवंडी पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में महिला दिवस के उपलक्ष में आयोजन

भिवंडी. द्रोणा फाउंडेशन एवं भिवंडी पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में महिला दिवस के उपलक्ष में शिवाजी चौक पर उमंग महिला बाइक रैली 2019 का आयोजन किया गया। इसमें करीब ढाई हजार से अधिक महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों के साथ पगड़ी धारण कर नारी शक्ति जिंदाबाद व हम किसी से कम नहीं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ आदि नारे लगाते हुए नारी शक्ति दर्शाने वाले पोस्टर्स के साथ मौजूदगी दर्ज कराई। इसके अलावा स्त्री भ्रूण हत्या और छोटी बच्चियों पर होने वाले लैंगिक अत्याचार की रोक-थाम इस रैली की मुख्य थीम रही।
मुख्य अतिथि मीनाक्षी भालोटिया एवं भिवंडी के पुलिस उपायुक्त अंकित गोयल ने झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। रैली शिवाजी चौक से शुरू होकर ब्राह्मण आली, मंडई, धामणकरनाका होते हुए कल्याण नाका, एसटी स्टैंड से वंजारपट्टीनाका होकर चाचा नेहरू हिंदी हाईस्कूल के प्रांगण में लगभग सवा नौ बजे समाप्त हो गई।
रैली के समापन के बाद भालोटिया व पुलिस उपायुक्त अंकित गोयल ने बाइकर महिलाओं की हौसला अफजाई करते हुए सहभागी महिलाओं में लक्की ड्रा से प्रथम तीन विजेताओं को सोने की अंगूठी उपहार स्वरूप भेंट कर उन्हें पुरस्कृत किया। मीना कुंटे ने बताया कि रैली से महिलाओं में एक प्रकार के नए उत्साह का वातावरण निर्माण हुआ है। इस प्रकार की रैली का आयोजन शहर में समय-समय पर आयोजित होने से महिलाओं में स्वाभिमान की भावना जागृत होगी।

द्रोणा फाउंडेशन की प्रमुख संयोजिका डा. नूतन मोकाशी ने कहा कि मुस्लिम विशेषकर बोहरा समाज की महिलाओं की इस रैली में सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई थीं। द्रोणा फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य हरीश राधेश्याम बेसवाल ने बताया कि सशक्तिकरण को लेकर सबसे पहले 2015 में उमंग महिला बाइक रैली की 77 महिलाओं से शुरूआत की गई थी। जो महज चंद सालों में ढाई हजार से अधिक हो गई है।
रैली में भाग लेने के लिए मकरसंक्रांति से इसका रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाता है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो