पुलिस ने बताया कि सोमवार को गांव में गणेश विसर्जन हो रहा था, दोपहर को उस विसर्जन में रोहित साहू का भतीजा छोटू भी शामिल था। सभी नाचने गाने में व्यस्त थे, इसी दौरान आरोपी भागवत, भाई कुंभकरण और उसके पिता शिव प्रसाद जायसवाल विसर्जन में पहुंच गए और छोटू को पीट दिया। छोटू की पिटाई की बात जैसी ही रोहित को पता चली रोहित शाम को अपनी पत्नी के साथ शिव प्रसाद के घर पहुंच गया और उसने भतीजे के साथ हुई मारपीट का विरोध जताया। जिसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया और पत्नी के सामने ही पीटने लगे। पत्नी ने जब बीच-बचाव किया तो उसे भी डंडे से पीट दिया। आरोपी तब तक नहीं रूके जब तक रोहित की सांस नहीं थम गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बेटा भागवत जायसवाल साल 2019 में मृतक युवक की नाबालिग बेटी को भगा लेकर गया था। मृतक ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। आरोपी लड़का जेल से से छूटने के बाद बदला लेने के लिए फिर गांव पहुंचा। अपने पिता और भाई के साथ मिलकर रोहित की हत्या कर दी।