
रालोद और बीजेपी दोनों प्रत्याशियों ने टिकैट के यहां लगाई हाजिरी, लेकिन जाने किसे मिला जीत का आशीर्वाद
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट सबसे हॉट सीट की गिनती में आ रही है। क्योंकि यहां किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की विरासत संभाले उनके बेटे चौधरी अजीत सिंह तो दूसरी ओर बालियान खाप से संजीव बालियान भाजपा प्रत्याशी हैं औऱ इस चुनाव में किसानों की राजधानी कही जाने वाले कस्बा सिसौली इस चुनाव का केंद्र बिंदु बना हुआ है। जिसके चलते रालोद के युवा चेहरे जयंत चौधरी सिसौली पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। जिसमें किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के पोते और युवा किसान नेता चौधरी गौरव टिकैत के लोक दल में शामिल होने की चर्चा सोशल मीडिया पर उड़ी तो जिले भर में चर्चाएं शुरू हो गई।
दरअसल मुजफ्फरनगर में संजीव बालियान और अजीत चौधरी के बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बालियान खाप के मुखिया चौधरी नरेश टिकैत को अपने पक्ष में करने को लेकर जोर आजमाइश चल रही है। यही वजह है कि पहले संजीव बालियान सिसौली पहुंचकर चौधरी नरेश टिकैत से आशीर्वाद लिया, तो अगले ही दिन रालोद मुखिया चौधरी अजीत सिंह सिसौली पहुंच गए। जहां उनका भी जोरदार स्वागत किया गया।
इसके बाद बुधवार को रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी भी सिसौली पहुंचे तो उनका कस्बे में जोरदार स्वागत किया गया। जयंत चौधरी ने भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के निवास पर उनके साथ भोजन किया। इस दौरान पूर्व विधायक राजपाल सिंह बालियान और सपा नेता प्रमोद त्यागी भी मौजूद रहे। भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने जयंत चौधरी को अपना आर्शीवाद देने के साथ ही एक लाख रुपये की धनराशि भी भेंट की। भाकियू के युवा नेता गौरव टिकैत ने भी जयंत चौधरी का स्वागत किया। यहां तक कि गौरव टिकैत रोड शो के दौरान जयंत चौधरी के साथ उनकी गाड़ी में भी सवार दिखे। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह खबर चली कि गौरव टिकैत रालोद में शामिल हो गए हैं। यह खबर वायरल होते ही भाकियू में हड़कम्प मच गया। भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक ने आनन-फानन में मीडियाकर्मियों को मैसेज भेजकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होने लिखा ‘मेहमाननवाजी का मतलब सदस्यता नहीं होता। सिसौली सभी का घर है। सभी का सम्मान, भाकियू अराजनैतिक संगठन।’
Published on:
4 Apr 2019, 11:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.