दरअसल, उत्तर प्रदेश में सरकार द्वारा किए गए गए मोटर यान अधिनियम में बदलाव के बाद प्रदेश भर में सरकार को विभिन्न संगठनों का विरोध झेलना पड़ रहा है। जिसके चलते जनपद मुजफ्फरनगर में पिछले 2 दिनों से जिला कलेक्ट्रेट पर भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन चल रहा था। मोटर यान अधिनियम में बदलाव के कारण जनपद के हजारों बच्चे स्कूल जाने से वंचित रह गए थे। जिस कारण अभिभावकों की चिंता बढ़ी तो बीड़ा भारतीय किसान यूनियन को उठाना पड़ा।
इसी के चलते भारतीय किसान यूनियन ने जिला कलेक्ट्रेट पर डेरा डाल दिया। 2 दिन चले धरने प्रदर्शन और हंगामे के बाद जहां भारतीय किसान यूनियन और जिला प्रशासन में कई बार टकराव की स्थिति बनी तो वहीं भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को भी जिलाधिकारी कार्यालय पर नजरबंद कर दिया था और भारतीय किसान यूनियन का झंडा भी लहरा दिया था। हालांकि इसके बाद भी जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे शुक्रवार को रोजाना की तरह अपने कार्यालय में बैठीं और जन समस्याएं सुनती रहीं।
शाम के वक्त एसएसपी अभिषेक यादव, जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे, अपर जिलाधिकारी व सिटी मजिस्ट्रेट सहित तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारतीय किसान यूनियन के धरने पर पहुंचे। जहां किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी। जिस पर जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने किसानों को इस अधिनियम के बदलाव के बाद किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित ना होने का आश्वासन देते हुए सारी व्यवस्था सुचारू करने का भी आश्वासन दिया। जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन ने अपना धरना समाप्त कर दिया।