मुजफ्फरनगर

चौधरी अजित सिंह ने कहा मोदी जाएंगे तिहाड़ जेल

सत्ता परिवर्तन महारैली से अजित सिंह ने भरी हुंकार, मोदी सरकार पर बोला जबरदस्त हमला

मुजफ्फरनगरFeb 12, 2019 / 11:10 am

Ashutosh Pathak

अजित सिंह ने कहा मोदी जाएंगे तिहाड़ जेल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कस्बा शाहपुर के पैंठ मैदान में राष्ट्रीय लोक दल द्वारा सत्ता परिवर्तन महारैली का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रालोद मुखिया चौधरी अजीत सिंह ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर भड़ास निकाली। सभा स्थल पर भारी भीड़ को देख कर चौधरी अजीत सिंह गदगद हो उठे और भाषण शुरू करने से पहले ही उन्होंने भाजपा गई भाजपा तो गई का नारा देना शुरू कर दिया। उसके बाद भाजपा और नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने गाय को लेकर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि गाय ने पहले किसान की फसल खाई और इस चुनाव में भाजपा को खा जाएगी। गौ रक्षक मामले को लेकर उन्होंने कहा कि यह गौ रक्षक नहीं गौ भक्षक हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कहा भी सत्ता जाने के बाद सीधे तिहार जेल जाएंगे।
सत्ता परिवर्तन रैली को सम्बोधित करते हुए चौधरी अजित सिंह ने कहा कि उन्होंने पिछली बार 13 फरवरी को मुजफ्फरनगर आकर कहा था कि वह भाजपा को दफनाने मुजफ्फरनगर आए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी से बड़ा झूठा आदमी नहीं देखा। थोड़ा-बहुत झूठ तो सब बोलते हैं पर मोदी तो सच ही नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में किसान, मजदूर, व्यापारी हर वर्ग तबाह हो गया है। भाजपा का सिर्फ एक ही काम है जाति और धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाना। उन्होंने कहा कि गाय पहले किसानों की फसल खा गई और अब भाजपा की कुर्सी खाएगी।
अजित चौधरी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि मोदी पहले 15 लाख रुपये खाते में लाने का सपना दिखाते थे अब 2000 रुपये देकर वोट मांग रहे हैं। इस दौरान अजित सिंह ने कहा कि सिर्फ किसानों को ही नहीं हर वर्ग के लोगां को न्यूनतम आय का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही किसानों का सारा कर्ज माफ किया जाना चाहिए। किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिलना चाहिए। किसान अपनी मेहनत का पैसा मांग रहा है, उसे 2 हजार रुपये की खैरात नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सरकार आई तो किसानों का सारा कर्ज माफ होगा। आने वाली सरकार सभी की न्यूनतम आय सुनिश्चित करेगी। देश में बंपर फसल होने के बावजूद बाहर से फसलें आयात की जा रही है।
मोदी पहले सपना दिखाते हैं लेकिन अब गालीगलौच पर उतर आए। पिछले सभी प्रधानमंत्रियों को नकारा कहने के चक्कर में वह अटलजी को भी भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ऐसे आदमी है, जो अगर श्रीलंका चले जाते तो कहते रावण को मैने मारा है। उन्होंने कहा कि मोदी कहते हैं कि वह फकीर है। दिन में तीन बार कपड़े बदलते हैं। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार को इंवेट मैनेजमेंट कंपनी कंपनी बताते हुए कहा कि देश में सरकार नहीं है बल्कि इंवेट मैनेजमेंट कंपनी है। अटलजी का नाम नहीं लिया दस सालों में मगर उनके 400 अस्थि कलश बनवाएं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर से ही भाजपा सत्ता में आई थी, और मुजफ्फरनगर से ही भाजपा खत्म होगी। मोदी आसानी से सत्ता छोड़ने वाले नहीं है, क्योकि उन्हें पता है कि यदि सत्ता गई तो वह सीधे तिहाड जेल जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव से पहले हर-हर मोदी, घर-घर मोदी का नारा था लेकिन वह अब नया नारा दे रहे हैं हाय-हाय मोदी, बाय बाय मोदी। उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को तबाह कर दिया गया है। अब सीबीआई पर भी किसी को विश्वास नहीं है। किसानों की आत्महत्या और बेरोजगारी के आंकडो तक बंद कर दिए गए हैं। अगर देश को बचाना है तो मोदी को हटाना है। यदि जनता उनके साथ है तो वह पूरे देश से भाजपा को उखाड़ने का काम करेंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.