दरअसल, भाजपा के क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग का समापन शुक्रवार को हो गया। जिसमें सरकार द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रसार आचरण व अनुशासन आमजन से संवाद स्थापित करना आदि विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को विनम्रता का पाठ पढाया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र शामिल हुए।
इसमें उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिन्दुस्तान को ही नहीं, पूरे विश्व को संदेश दिया है। भष्टाचार के कारण देश विकसित देशों में शामिल न हो सका। देश को भ्रष्टाचार मुक्त कर विकसित बनाने पर कार्य किया जा रहा है। जन धन योजना के अन्तर्गत 35 करोड़ खाते जीरो बैलेन्स पर खोले गये। उज्जवला योजना के अन्तर्गत मुफ्त सिलेण्डर देकर सरकार ने नया आयाम स्थापित किया। स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण, पंडित दीनदयाल योजना के अन्तर्गत मुफ्त बिजली कनेक्शन, आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा, किसानों के खातों में बीज के लिए पैसे की व्यवस्था, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत लघु उद्योग को बढावा देना, योग को 177 देशों ने स्वीकार कर लिया है, जिससे भारत की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।
कलराज मिश्र ने कहा कि सार्वजनिक मंच के द्वारा विचारों का आदान प्रदान होता है। संगठन की नीतियों के द्वारा पार्टी सत्ता में आयी है। चुनावी घोषणा पत्र को ध्यान में रखकर काम किया जाएगा। सबका साथ सबका विकास के द्वारा आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, ये पार्टी लगभग पूरे देश में सत्ता है, ऐसे में अहंकार न कर मृदुभाषी तथा अनुशासन में रहकर पार्टी की नीतियों का प्रचार कर संगठन के विचारों को आगे बढ़ाना है। बूथ कमेटियों के द्वारा सार्थक प्रयासों के परिणाम से पार्टी सत्ता के प्रचण्ड बहुमत से आयी है। प्रचण्ड बहुमत से देश के प्रधानमंत्री और अधिक मजबूत हुए हैं।
यही कार्य कार्यकर्ताओं को निरन्तर आगे बढ़ाना होगा। इस अवसर पर पश्चिम प्रभारी विजय बहादुर पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी, क्षेत्रीय महामंत्री संगठन अजय कुमार, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, डॉ वीरपाल निर्वाल, जिला उपाध्यक्ष अमित राठी, अमित चौधरी, पं रामकुमार शर्मा, पं विनोद शर्मा, मनोहरलाल शर्मा, रविन्द्र वाल्मीकि, रविन्द्र निर्वाल, अमित बेनीवाल, पंकज महेश्वरी, सुधीर प्रजापति, हरपाल महार, डॉ दिनेश धीमान, अशोक कंसल आदि उपस्थित रहे।