scriptकत्ल की रात पर आज निकलेगा ताजियों का जुलूस | A procession of the Taj will come out on the night of slaughter | Patrika News

कत्ल की रात पर आज निकलेगा ताजियों का जुलूस

locationनागौरPublished: Sep 19, 2018 06:11:35 pm

Submitted by:

Pratap Singh Soni

https://www.patrika.com/nagaur-news/

Nawa City News

नावां में मंगलवार की रात मेहन्दी का जुलूस निकालते मुस्लिम सम्प्रदाय के लोग।

नावां शहर. इमाम हुसैन की याद में गुरुवार की रात कत्ल की रात पर ताजियों का जुलूस निकलेगा। मोहर्रम को लेकर मंगलवार की रात मेहन्दी का जुलूस निकाला गया। भंवरु खां ने बताया कि गुरुवार की रात को कत्ल की रात के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर ग्यारह बजे ताजिए का जुलूस ढोल ताशों की मातमी धुनों के साथ निकाला जाएगा। जो इमाम चौक से पुराने पुलिस थाना व सुभाष चौक होते हुए पुन: इमाम चौक पहुंचेगा। शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर दोपहर बारह बजे ताजिए का जुलूस शुरू होगा। जो ढोल-ताशों की मातमी धुनों के साथ मुख्य बाजार से निकलेगा। जहां दस्तारबंदी की जाएगी। शाम को ताजिए कर्बला में सैराब किए जाऐंगे। जुलूस के दौरान ताजिए के नीचे से गुजर कर खैरो बरकत की दुआएं मांगी जाएगी। इमाम हुसैन की याद में मुस्लिम मोहल्ले में सबीले सजाई गई है। यहां दूध, शरबत,पानी आदि का वितरण किया जा रहा है। मोहल्लों में हलीम आदि बनाकर तकसीम किया जा रहा है तथा मस्जिद,मदरसों एवं घरों में यादे हुसैन के तहत मजलीसे सजा कर तकरीर आदि की जा रही है। इमाम हुसैन की याद में कशिदे पढ़े जा रहे हैं।
इन मोहल्लों से निकलेगा ताजिया
शहर के मुख्य बाजार से रवाना होकर सुभाष चौक, वीर प्रताप मोहल्ला, पीपली बाजार, बोहरों का बास से सेठ रोड़ होता हुआ मुख्य बाजार पहुंचेगा। जहां दस्तारबन्दी के पश्चात शाम को ताजिए कर्बला में सैराब किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था के लिए आवश्यक तैयारियां की गई है। ताजिया के जुलूस के दौरान पुलिस का समुचित जाप्ता तैनात रहेगा।

मेहन्दी की रस्म अदा, मोहर्रम का जुलूस कल
कुचामनसिटी. मोहर्रम के अवसर पर शहर में मंगलवार की रात को मेहन्दी की रस्म अदा की गई। गुरुवार को कत्ल की रात एवं शुक्रवार को मोहर्रम का जुलूस ताजियों के साथ निकाला जाएगा। फजलू रहमान कुरैशी ने बताया कि मोहर्रम के पांच दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार की रात को मेहन्दी के जुलूस के साथ हुई। महिलाओं व युवतियों ने विभिन्न मौहल्लों में दीप जलाने के साथ मेहन्दी लेकर ढोल ताशों की धुन के साथ मेहन्दी की रस्म अदा की। गुरुवार रात शहर की धान मण्डी, घाटी कुआं, छीपों का मौहल्ला, व्यापारी मौहल्ला से ताजिए निकाल कर सुबह 5 बजे वापस अपने मुकामों पर पहुंचेंगे। शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर सुबह 10 बजे से ढोल ताशों की मातमी धुनों के साथ ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा और शाम को खान मौहल्ला स्थिति कर्बला में सैराब किए जाएंगे। रविवार को फूल प्याला का जुलूस निकाला जाएगा। जिसमें सुबह 11 बजे बजे विभिन्न अखाड़ों के दल धान मण्डी मेला स्थल पहुंचेंगे। जहां से जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस शाम 5 बजे पुरानी धान मण्डी से निकल कर घाटी कुआं पहुंचेगा और इसके बाद कर्बला जाकर जुलूस सम्पन्न होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो