scriptबनबागरिया ने चलाई गोली, युवती की मौत | Banabagriya shot dead, Young Lady killed | Patrika News

बनबागरिया ने चलाई गोली, युवती की मौत

locationनागौरPublished: Feb 25, 2019 11:05:43 pm

Submitted by:

Dharmendra gaur

खेत पर रखवाली के लिए रखा था, पडौसी के मकान पर किया फायर

Kuchera News

Kuchera News

कुचेरा. कस्बे के पेडला मार्ग स्थित सुसमाद माता मन्दिर के पास खेत की रखवाली के लिए रखे गए बनबागरिया ने पास के खेत में बने मकान पर दोपहर के समय फायरिंग की। गोली लगने से एक युवती गम्भीर घायल हो गई। उसे उपचार के लिए नागौर के जेएलएन राजकीय चिकित्सालय में पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवती के चाचा राजूसिंह व बहन मुन्नी कंवर ने बताया कि उसके पिता पप्पूसिंह, भाई व तीनों बहनें मकान के बाहर बैठक भोजन कर रहे थे। उसकी बहन मीठूकंवर राजपूत (20) घर में से दही लेकर बाहर आ रही थी। इस दौरान घर के उत्तर दिशा से बन्दूक की आवाज के साथ गोली आकर उसे लगी। गोली लगने पर वह धड़ाम से नीचे गिर गई। परिजन व आस-पास के लोग बाइक पर उसे उपचार के लिए तत्काल कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद नागौर रैफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली चलाने के बाद आरोपी बनबागरिया मौके से भाग गया।
जांच में जुटी पुलिस
बन्दूक से फायर करने की सूचना मिलने पर कुचेरा थानाधिकारी देवीलाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मौका मुआयना कर लोगों से जानकारी जुटाई। सूचना पर मेड़ता डिप्टी रामगोपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। मृतका के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।
दीवार व घर के दरवाजे पर बने निशान
मकान के उत्तर दिशा में स्थित खेत से चलाई गई गोली से मकान की दीवार पर धब्बे व लोहे के दरवाजे पर छेद हो गया। गोली लगने से युवती की गर्दन में छेद हो गए। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई।
तीन बहनों में सबसे बड़ी थी मीठू कंवर
पप्पूसिंह के एक लडक़ा व तीन लड़कियां है। मीठूकंवर तीन बहनों में सबसे बड़ी थी।
फायरिंग के कारण का खुलासा नहीं
शाम तक तक बनबागरिया द्वारा गोली चलाने के कारण का खुलासा नहीं हो पाया। जबकि मृतका की बहन के अनुसार आरोपी ने मकान की थोड़ी दूरी से गोली चलाई। मकान व आरोपी के बीच महज सौ से सवा फीट की दूरी थी। उसमें भी पानी की टंकी च पशुओं का बाड़ा होने से वहां किसी वन्य जीव के आने की सम्भावना नगण्य है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पेंट व लाल शर्ट पहने रखा। पीडि़त परिवार की किसी से रंजिश भी नहीं थी। इधर, मृतका के चाचा ने बताया कि पड़ौसी व उनके बीच लम्बे समय में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था।
छठी कक्षा के बाद छोड़ दी पढ़ाई
मृतका ने छठी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। तीनों बहने पढ़ाई छोड़ घर का कामकाज करती थी। पिता पप्पूसिंह कोलकाता में किसी दुकान पर काम करता है । वह करीब दो महीने से गांव आया हुआ था।
एफ एस एल टीम ने जुटाए साक्ष्य
नागौर से एफ एस एल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि कुचेरा, मेड़तारोड़ व मेड़ता सिटी के पुलिस जाब्ते को साथ ले तीन टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो