पर्यावरण के संतुलन को लेकर सडक़ों पर उतरे पर्यावरण प्रेमी
।विश्व पर्यावरण दिवस पर मंगलवार को विभिन्न संगठनों की ओर से विविध कार्यक्रम हुए। पर्यावरण जागरूकता रैली निकालने के साथ पौधरोपण एवं संगोष्ठियों सहित अन्य कार्यक्रम में पौधरोपण की महत्ता समझाई गई

नागौर. पीपुल्स फॉर एनीमल्स की ओर से सुबह आठ बजे कलक्ट्रेट चौराहे से जनजागरूकता रैली निकली। रैली को उपवन संरक्षक मोहित गुप्ता ने हरी झंडी दिखाई। आयोजन महावीर गोशाला, श्री जंभेश्वर पर्यावरण जीवरक्षा संस्था, महावीर इंटरनेशनल की ओर से किया गया। रैली में गौ चिकित्सालय, हनुमान गोशाला, पीपुल्स फॉर एनीमल्स, जंभेश्वर पर्यावरण जीवरक्षा संस्था के कार्यकर्ता शामिल थे। रैली में शामिल लोगों ने पर्यावरण जागरूकता के पोस्टर एवं बैनर ले रखे थे। इन पर लिखे स्लोगन में पौधरोपण, प्लास्टिक उत्पाद का उपयोग नहीं करने का संदेश दिया।
पर्यावरण असंंतुलित होने से बिगड़ा मौसम चक्र
जिला परिषद सभागार में पीपुल्स फॉर एनीमल्स की ओर से हुए पर्यावरण चेतना सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने कहा कि पौधरोपण के साथ ही इसके संतुलन के लिए अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन भी करना होगा। वर्तमान में अत्याधिक गर्मी एवं शीत के साथ ही समय पर बारिश नहीं होने का मुख्य कारण है कि पर्यावरण असंतुलन होने से मौसम चक्र का बिगड़ जाना। जिला पुलिस अधीक्षक परिस देशमुख ने कहा कि पर्यावरण के बिना मानव जीवन का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। नागौर पंचायत समिति प्रधान ओमप्रकाश सेन ने कहा कि विकास की दौड़ में पर्यावरण का संतुलन गड़बड़ाने लगा है। इसका दुष्परिणाम भी अब नजर आने लगा है। मौसमी आपदा के कारण कई घटनाएं केवल इसके असंतुलन की वजह से ही हुई हैं। इसलिए इस अभियान में सभी को अपनी सहभागिता निभानी पड़ेगी। पीपुल्स फॉर एनीमल्स के जिलाध्यक्ष हिम्मताराम भांभू ने कहा कि विकास के बहाने लाखों ही नहीं, देश में करोड़ों पेड़ कट चुके हंै। यह प्रक्रिया अभी जारी है। इसका दुष्परिणाम सामने आने के बाद भी सरकारें इसके प्रति उदासीन बनी हुई है। कृषि उपजमंडी व्यापार मण्डल अध्यक्ष भोजराज सारस्वत ने कहा कि पर्यावरण के संतुलन को सुव्यवस्थित नहीं किया गया तो फिर धरती से ही जीवों का अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा। इस मौके पर 48 जनों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसमें गोचिकित्सालय की ओर से महेन्द्रसिंह सांखला, प्रवीणा सोलंकी, डॉ. यू. एस. चौहान, कालूराम प्रजापत, विक्रमसिंह राठौड़, श्रवण मेघवाल, नानकराम, श्रवण मेघवाल आदि शामिल थे। कार्यक्रम में मूण्डवा के पूर्व प्रधान जानाराम फिड़ौदा, भारत विकास परिषद अध्यक्ष हरीराम धारिणयां, मुरली महाराज आदि मौजूद थे।
पर्यावरण चेतना प्रदर्शनी लगाई
पीपुल्स फॉर एनीमल्स की ओर से पर्यावरण चेतना प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें खेजड़ी को बचाने के लिए बिश्नोई समाज के बलिदान सहित कई प्रसंगों का चित्रवत वर्णन दर्शाया गया था। कार्यक्रम के दौरान खेजड़ी बलिदान पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
जिला हॉस्पिटल परिसर में रोपे पौधे
बैंक ऑफ इंडिया की क्षेत्रीय व्यवसायिक शाखा की ओर से भी जेएलएन हॉस्पिटल परिसर में पौधरोपण किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एसपी परिस देशमुख रहे। देशमुख ने इस मौके पर पर्यावरण से जुड़े पहलुओं की महत्ता समझाई। इसमें जेएलएन के कार्यवाहक प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. वी. के. खत्री एवं एसबीआई के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेशचन्द्र गोयल, विमलेशकुमार व्यास प्रमुख रूप से उपस्थित थे। एसबीआई की क्षेत्रीय शाखा में अधिकारियों व कर्मियों को पर्यावरण रक्षा की शपथ दिलाई गई।
अब पाइए अपने शहर ( Nagaur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज