आपके लिए सुविधाएं बिखरी पड़ी है, वो हम दिलाएंगे, आज से आपकी जिंदगी बदलने वाली है: चौधरी
नागौरPublished: Dec 25, 2022 11:26:23 pm
- मेड़ता में अभिनव राजस्थान पार्टी की जनसभा
-अगले छह माह की कार्य योजना तैयार
- बदलाव की बयार के साक्षी बने हजारों लोग : वक्ता बोले- हमारी कही हर एक बात सच, प्रदेश में लाएंगे नई क्रांति


मेड़ता सिटी. जनसभा के दौरान शपथ लेते हुए जागरूक नागरिक।
मेड़ता सिटी (नागौर). शहर में पंचायत समिति मैदान पर रविवार को अभिनव राजस्थान पार्टी की विशाल जनसभा हुई, जिसमें प्रदेशभर से लोग पहुंचे। भारी भीड़ के बीच पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व आईएएस डाॅ. अशोक चौधरी ने कहा कि आज मैं सभा में जो भी कहूंगा उसे कोई भी राजनीतिक पार्टी या फिर सरकार झूठा साबित नहीं कर सकती। सभा के दौरान हजारों लोग एक जाजम पर बैठे और उनके लिए क्या सही है, क्या गलत है इसका भेद समझा। जनता का खुद का और सीधा राज लाने को लेकर अगले साल किए जाने वाले कार्यों के बारे में संकल्प लिया।
डा. चौधरी ने कहा कि सरकार और संसद ने ऐसी कई योजनाएं बना रखी हैं, जो जनता के लिए है पर जनता को उनका लाभ उठाना नहीं आता, इसलिए वो पैसा पूंजीपतियों और कम्पनियों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम किसी से कोई मांग नहीं करेंगे, केवल जानकारी लेंगे और उसी के दम पर काम कराएंगे। फिर देखिए, राज जनता का होगा। हिंदुस्तान के इतिहास में 1947 के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि जागरूक और जिम्मेदार नागरिक एकसाथ बैठ रहे हैं और अपने हक के लिए फैसला कर रहे हैं।