scriptपुजारी पर किया हमला, शांतिभंग में चार लोग गिरफ्तार | Priest attacked, four people arrested for breach of peace | Patrika News

पुजारी पर किया हमला, शांतिभंग में चार लोग गिरफ्तार

locationनागौरPublished: Jan 15, 2022 05:25:10 pm

Submitted by:

Rudresh Sharma

चारभुजा एवं मीरा मंदिर में गुरुवार देर रात की घटना

पुजारी पर किया हमला, शांतिभंग में चार लोग गिरफ्तार

मेड़ता सिटी. विवाद के बाद चारभुजा मंदिर के बाहर एकत्रित हुए लोग।

मेड़तासिटी. शहर के प्रमुख चतुर्भुजनाथ एवं मीरा मंदिर में वार्षिक पूजा की बारी को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए दूसरे पक्ष को बुलाने गए मंदिर के पुजारी और उनके पुत्र पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। पुजारी के सिर पर 6 टांके आए और पुत्र भी चोटिल हुआ। सिर पर चोट लगने से गंभीर घायल पुजारी को जोधपुर रेफर किया गया। इस मामले में पुलिस ने धारा 151 में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुजारी के पुत्र ने थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
घटना गुरुवार देर रात की है। इस घटना में मंदिर के पुजारी भगवती प्रसाद शर्मा (60) घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उन्हें मेड़ता सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। इस हमले में पुजारी का बेटा चंदन शर्मा भी घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक अरविंद गोयल, थानाधिकारी राजवीर सिंह शेखावत, तहसीलदार भागीरथ चौधरी सहित पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जुटी हुई भीड़ को हटाया गया। घटना के बाद आरएसी जाब्ता भी मौके पर तैनात किया गया।
न्यायालय से केस हारे तो बढ़ा पूजा का विवाद
दरअसल, चारभुजा मंदिर में वार्षिक पूजा की बारी को लेकर दो पक्षों में केस चल रहा था। न्यायालय ने मसूदा वाले पुजारी परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया। हमला करने वाले पक्ष केस हार गए तो विवाद बढ़ गया। रंजिश के चलते इन्होंने पहले से हमला करने की ठान रखी थी। हुआ यूं कि मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष तहसीलदार भागीरथ चौधरी, सचिव की मौजूदगी में गुरुवार रात मंदिर में पुजारियों की बैठक हुई। समझाईश करने को लेकर तहसीलदार के कहने पर पुजारी भगवतीप्रसाद अपने पुत्र के साथ दूसरे पक्ष को बुलाने के लिए गए। इस पर दूसरे पक्ष के कुछ जनों ने पहले बदतमीजी की। समझाइश के लिए आने का बोलकर पुजारी और उनका पुत्र वापस जाने लगे तो दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज शुरू की और पीछे से लोहे का पलटा, बेसबॉल बेट, हॉकी स्टिक सहित हथियारों से हमला कर दिया।
आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज
थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि रात्रि में एक बार चार जनों को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। सुबह पुजारी के पुत्र चंदन शर्मा की रिपोर्ट पर दूसरे पक्ष के आरोपी मनोहर, गोपाल सहित 6-7 जनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल पुजारी भगवती प्रसाद के सिर में 6 टांके आए हैं। जिनका जोधपुर में उपचार चल रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो