नागदाPublished: Mar 04, 2019 03:22:44 pm
Gopal Bajpai
ग्राम टूटियाखेड़ी में युवक की बीती रात धारधार हथियार से गर्दन पर किया वार
हत्या कर शव को बैठाया साइकल पर, परिजनों के होश उड़े
नागदा। शहर से १५ किमी दूर स्थित ग्राम टूटियाखेड़ी में घर से खेत लौट रहे युवक की अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव को साइकल पर बैठा दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्रथम दृष्टिया में पुलिस मामला हत्या का मान रही है। मृतक का नाम बालू पिता कचरू उम्र ३५ वर्ष निवासी टूटिया खेड़ी है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल १०० को दी। मौके पर जांच के लिए उज्जैन एफएसएल टीम ने पहुंचकर तथ्य जुटाएं हैं। मृतक के परिजनों का कहना है, कि युवक का किसी से विवाद नहीं था। युवक की पत्नी व दो बच्चे हैं।
क्या है मामला
शहर के समीपस्थ ग्राम टूटियाखेड़ी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बालू पिता कचरू की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक को मारने के बाद उसकी साइकल पर मृत अवस्था में बैठा दिया गया है। मृतक के गर्दन पर वार करने से गर्दन पूरी तरह से कट गई है। घटना को अंजाम देने वाले लोगों ने वार किए गए स्थान पर मोफलर लगा दिया है। पुलिस को मौके से अन्य किसी स्थान पर खून के कोई निशान नहीं मिले है। कयास लगाया जा रहा है, कि मृतक की पहले हमलावरों से झड़प हुई होगी। जिसके बाद उसे मारा गया होगा।
बकरी को देखते रात १० बजे गया था घर
एसआइ सुरेश देवड़ा ने बताया कि, मृतक के खेत पर गेहूं की कटाई के लिए मशीन आनी वाली थी। जिसके चलते पूरा परिवार खेत पर मौजूद था। युवक रात को १० बजे घर पर गाभिन बकरी को देखने गया। बकरी को देखने के बाद लौटते समय युवक खेत पर नहीं पहुंचा। सुबह करीब ७ बजे युवक को खेत पर पहुंचने वाले मार्ग पर खून से लतपथ हालात में पाया गया।