ये कैसी सड़क, निर्माण के पहले ही विवादों से घिरी
सीसी रोड को लेकर शहरवासियों ने जताई आपत्ति

नागदा। शहर की हृदय स्थली कही जाने वाली पुराने बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन चौराहा सड़क मार्ग निर्माण के पूर्व ही विवादों से घिरने लगी है। मार्ग को लेकर नगर पालिका ने सीसी रोड बनाए जाने का निर्णय लिया है। जिसको लेकर व्यापारियों ने आपत्ति जताते हुए मार्ग को डामरीकृत बनाए जाने की मांग की है। मार्ग को डामरीकृत किए जाने के पीछे व्यापारियों का तर्क है, कि मार्ग पर दुर्घटनाओं पर लगाम लग सकेगी। साथ ही मार्ग लंबे समय तक चल सकेगा। इधर नगर पालिका की मंशा है, कि मार्ग को सीसी बनाए जाने के साथ ही मार्ग को लंबे समय तक संजोया जा सके। विड़बना यह है, कि मार्ग के स्वरूप को लेकर चल रहे विवाद के बीच मार्ग से गुजरने वाले रहागीर दुर्घटनाओं का शिकार होते-होते बच रहे है। इतना ही नहीं मार्ग पर मौजूद गड्ढों के कारण चार पहिया चालक फंस रहे है। लिहाजा मार्ग पर प्रतिघंटे जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
शहर का प्रमुख मार्ग है
बता दें, कि पुराने बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन चौराहा मार्ग शहर का सबसे प्रमुख मार्ग है। शहर में प्रवेश करने वाले किसी भी वाहन को उक्त मार्ग से शहर के अन्यत्र स्थानों पर जाने के लिए आसानी से मार्ग मिल जाता है। इतना ही नहीं मार्ग पर ही शहर का शासकीय चिकित्सालय मौजूद है। किसी क्षेत्र से आने वाले ग्रामीण व दुर्घटनाओं संबंधित व्यक्ति को उक्त मार्ग से होते हुए अस्पताल पहुंचाया जाता है। रेलवे स्टेशन या नवीन बस स्टैंड राजा जन्मेजय बस स्टैंड पर पहुंचने के लिए सबसे सीधा व सुगम मार्ग है।
गड्ढों में तब्दील हो गई सड़क
लंबे समय से मार्ग का मेटेनेंस नहीं किए जाने के कारण मार्ग पर मौजूद स्पीड ब्रेकरों ने दम तोड़ दिया है। साथ ही मार्ग पर दर्जनों की संख्या में गड्ढे हो गए है। परेशानी यह है, कि मार्ग से स्पीड ब्रेकर नदारद होने से मार्ग पर भारी वाहन तेज गति से दौड़ते है। इतना ही नहीं मार्ग के गड्ढों से गुजरने वाले दो पहिया वाहन चालक कई बार गिरकर चोटिल हो जाते है।
इनका कहना-
मार्ग निर्माण की योजना प्रगति पर है, बीते दिनों कुछ संगठन मार्ग को लेकर मेरे पास पहुंचे थे। मार्ग सीसी होगा या डामर मार्ग की उपयोगिता के आधार पर निर्धारित होगा। आगामी दिनों में मार्ग निर्माण का कार्य शुरू ही होना है।
अशोक मालवीय
अध्यक्ष नगर पालिका
अब पाइए अपने शहर ( Nagda News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज