आसमान छूती महंगाई ने तोड़ी आम आदमी की कमर
एक साल में पीतल-तांबा 100 रुपए तो स्टील- सिल्वर में 50 रुपए बढ़े दाम
एक साल में बढ़ती महंगाई का असर बर्तनों के दामों पर भी दिखाई दे रहा
नर्मदापुरम
Published: April 19, 2022 12:39:39 pm
नर्मदापुरम- महंगाई का असर वैवाहिक सीजन पर सबसे ज्यादा दिखेगा। शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया। इन दिनों बाजार में सामान की खरीददारी भी जारी है। शादी में उपयोग होने वाले बर्तनों को सबसे ज्यादा मांग है, लेकिन इस बार रिश्तेदारों की जेब पर खरीदारी भारी पड़ रही है। बर्तनों पर प्रति किलो के हिसाब से 50 से लेकर 100 रुपए तक की बढ़ोत्तरी हुई है। इस बार अप्रैल और मई के दो माह में विवाह का अच्छा सीजन रहेगा। लोगों ने अभी से ही सामान खरीदना शुरू कर दिया है। शादी के लिए पीतल के सामान की सबसे ज्यादा खरीदी होती है। इसके लिए पीतल के कलश, परात, टंकी को रिश्तेदार खरीदकर देते हैं। जिससे इस बार शादियों के दस्तूरों को निभाना महंगा पड़ेगा। शादी विवाह में दस्तूर के रूप में लगने वाली सामग्री को बेटी की शादी में दिया जाता है। इसके अलावा स्टील और सिल्वर के आइटम भी खरीदे जाते हैं। यह सामग्री ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले वैवाहिक कार्यक्रम में सबसे ज्यादा दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले विवाह में बर्तन हो सबसे ज्यादा शोभा बढ़ाते हैं।
पेट्रोल-डीजल के दामों का असर
महंगाई लगातार बढ़ रही है। खाद्य पदार्थ हो या रसोई की जरूरत के सामान हो सभी के भाव बढ़ रहे हैं। दुकानदारों ने महंगाई का कारण पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दामों को बताया। जिससे परिवहन में समस्या बनी। वहीं पैकिंग और मालभाड़ा भी महंगाई बढऩे के कारण है। बर्तन व्यवसायी नवीन वर्मा का कहना है कि भाड़ा भी इस बार बढ़कर लग रहा है। जिससे सामग्री के रेट बढ़ गए हैं। पहले 300 रुपए परिवहन का चार्ज लगता था। अब 500 रुपए तक पहुंच गया है। जिससे सामान महंगे हो गए हैं।
बर्तनों के दाम(प्रति किलो)
बर्तन - 2022 - 2021
पीतल - 800- 700
स्टील - 300 - 250
तांबा - 1000- 900
सिल्वर - 300-250
------------

आसमान छूती महंगाई ने तोड़ी आम आदमी की कमर
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
