नरसिंहपुर

कोरोना ड्यूटी के भगोड़े डॉक्टरों को ढूंढ़ रहा प्रशासन, एक डॉक्टर ड्यूटी पर लौटी

देश भर के डॉक्टर अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों का उपचार करने में लगे हैं ऐसे में ड्यूटी से गायब जिला अस्पताल के 8 डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन तलाश कर रहा है

नरसिंहपुरApr 06, 2020 / 08:10 pm

ajay khare

राहत की खबर: कोरोना पॉजिटिव मिलने का थमा सिलसिला, अभी 7 नमूनों की रिपोर्ट आनी है बाकी

नरसिंहपुर. कहा जाता है डॉक्टर भगवान का रूप होता है। पर वह सचमुच मरीजों के लिए भगवान है या नहीं इसका पता तभी चलता है जब कोई मरीज अपना उपचार कराने उसके पास पहुंचता है। इन दिनों जब पूरा देश कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है और देश भर के डॉक्टर अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों का उपचार करने में लगे हैं ऐसे में ड्यूटी से गायब जिला अस्पताल के ८ डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन तलाश कर रहा है। इनके खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है। इधर एक डॉक्टर मंजरी सिंह नोटिस जारी होने के बाद ड्यूटी पर लौट आई हैं। गौरतलब है कि कोरोना संकट शुरू होने के बाद से जो ८ डॉक्टर बिना सूचना के अपनी ड्यूटी से नदारद हुए उनमें जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर शल्य क्रिया विशेषज्ञ डॉक्टर सी एस शिव, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वीके गर्ग, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पीसी आनंद, संविदा मेडिसन चिकित्सक डॉ. हिमांशु कटारिया, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आरके सागरिया, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अखिलेश गुप्ता, महिला चिकित्सक डॉ. मंजरी सिंह, संविदा चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र सिंह लगातार शामिल हैं। इन सभी के मोबाइल भी बंद हैं। इनमें से डॉ. मंजरी सिंह ने सोमवार को जिला अस्पताल में अपनी आमद दे दी है। गौरतलब है कि इन सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना जबलपुर राजस्व संभाग आयुक्त को पत्र भेज चुके हैं। गौरतलब है कि इन डॉक्टरों के ड्यूटी पर न आने से जिला अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में चल रही चिकित्सा सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है। ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों को अपनी क्षमता से ज्यादा काम करना पड़ रहा है और उन पर इसका असर पड़ता नजर आ रहा है।
——
वर्जन
ड्यूटी से गायब ८ डॉक्टरों में से डॉ. मंजरी सिंह सोमवार को अपनी ड्यूटी पर आ गई हैं। शेष डॉक्टरों के खिलाफ कलेक्टर के स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. अनीता अग्रवाल, सिविल सर्जन
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.