scriptकोरोना संक्रमण रोकने को चलाया जा रहा महा अभियान, नागरिक बेफिक्र | Carelessness from Corona can be costly | Patrika News

कोरोना संक्रमण रोकने को चलाया जा रहा महा अभियान, नागरिक बेफिक्र

locationनरसिंहपुरPublished: Aug 24, 2021 02:54:45 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-गाडरवारा और गोटेगांव की स्थित ज्यादा खतरनाक

कलेक्टर नरसिंहपुर वेद प्रकाश

कलेक्टर नरसिंहपुर वेद प्रकाश

नरसिंहपुर. कोरोना संक्रमण से लोगों को बचान के लिए शासन-प्रशासन की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन ने हर नागरिक को सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण महा अभियान-2 का निर्देश जारी किया है। इसके तहत बुधवार और गुरुवार को हर नागरिक को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। स्थानीय प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। लेकिन ऐसा लगता है कि नागरिकों को इससे कोई सरोकार नहीं रह गया। मास्क लगाना भूल गए, देह की दूरी का भी खयाल नहीं। हाथ धोना या सेनेटाइज करने की आदत भी छूट सी गई है। यूं तो ये मंजर कमोबेश हर जिले व कस्बे में देखा जा रहा है पर गाडरवारा और गोटेगांव के लोग कुछ ज्यादा ही असावधान हो गए हैं। ऐसे में अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है।
कोरोना से बेफिक्र नागरिक
आलम यह है कि गाडरवारा और गोटेगांव में मास्क न लगाने और शारीरिक दूरी के मानक का उल्लंघन करने वालों से सर्वाधिक जुर्माना वसूला जा चुका है। फिर भी सुधार के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। ये हाल तब है जब इन दोनों ही तहसीलों के लोग कोरोना की दूसरी भयानक लहर का सामना कर चुके हैं। कितनों को इन्होंने खोया है। कितनों ने कठिन वक्त गुजारा है। लेकिन अब वो सब कुछ जैसे भूल गए हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन की चुनौती और भी बढ़ गई है। वैसे रोको-टोको अभियान जारी है। समय-समय पर कलेक्टर वेदप्रकाश, पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, एडीएम मनोज ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी पैदल मार्च कर लोगों को मास्क और शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने को कह रहे है।
प्रशासनिक आंकड़ों पर नजर डालें तो साफ पता चल जाएगा कि लोग जुर्माना देने को तैयार है पर आदत में सुधार या कोरोना से बचाव के उपायों को लगातार नजरंदाज कर रहे हैं। आलम यह है कि गाडरवारा में 10 हजार 551 लोगों से 11 लाख 12 हजार, 825 रुपये जुर्माना वसूल किया जा चुका है तो गोटगांव में 2539 लोगों से 3 लाख 68 हजार 745 रुपये जुर्माना वसूल जा चुका है। इसके अलावा तेंदूखेड़ा में 939 लोगों से 98570, करेली में 840 लोगों से 2 लाख 11 हजार 970 रुपये व नरसिंहपुर में 809 लोगों से 97 हजार 640 रुपये का जुर्माना वसूल किया जा चुका है। इस तरह प्रशासन अब तक मास्क और शारीरिक दूरी के उल्लंघन में 15 हजार 678 लोगों से 18 लाख 89 हजार 750 रुपये जुर्माना वसूल कर चुका है।
प्रशासन की चिंता इस बात को लेकर भी है कि आने वाले दिन त्योहार ही त्योहार है। ऐसे में यही हाल रहा तो हालात बिगड़ सकते हैं। इसका आभास कजली पर्व पर ही देखने को मिला जब लोगों ने देह की दूरी, मास्क का खुल कर उल्लंघन किया। लेकिन मुस्तैद प्रशासन से नहीं बच सके। प्रशासन ने कजली के मौके पर कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले 79 लोगों को पकड़ा और सबका चालान काटा। प्रशासन ने इन 79 लोगों से 5 हजार 280 रुपये जुर्माना वसूला।
कलेक्टर वेद प्रकाश ने कोरोना संक्रमण के प्रभावी रोकथाम के लिए अधिकारियों को क्षेत्रों का लगातार भ्रमण करने और कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के आठ निकायों में लापरवाह लोगों की निगरानी हो सके। प्रशासन स्तर से टोका-टोकी के साथ लोगों के बीच मास्क का वितरण भी हो रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो