script

नर्मदा जयंती पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की बड़ी घोषणा

locationनरसिंहपुरPublished: Feb 19, 2021 04:45:26 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-कहा, नर्मदातट वासियों से हो गया है अगाध स्नेह

कांग्रेस दिग्गज दिग्विजय सिंह

कांग्रेस दिग्गज दिग्विजय सिंह

नरसिंहपुर. 192 दिनों तक नर्मदा परिक्रमा करने वाले सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने नर्मदा जयंती पर मां नर्मदा की सविधि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने अपने प्रवास के दौरान शुक्रवार को नर्मदा जयंती के अवसर पर ग्राम रोहाणी और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा के बाद नर्मदा के किनारे बसे लोगों के प्रति भावनात्मक लगाव हो गया है। यही वजह है कि इन क्षेत्रों के लोगों से मिलने का मन होता रहता है। सिंह ने ग्राम रोहाणी को गोद लेने की घोषणा करते हुए क्षेत्र के विकास का वादा किया। साथ ही कहा कि भविष्य में भी ऐसे क्षेत्रों में सेवाभावी कार्य मां नर्मदा संरक्षण न्यास के माध्यम से किए जाएंगे।
इससे पूर्व दिग्विजय सिंह ने ग्राम पंचायत अमोदा के ग्राम रोहाणी में मां नर्मदा सरंक्षण न्यास द्वारा आयोजित निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर में भाग लिया। यहां स्वामी सुबुद्घानंद ने कहा कि प्रसन्नता का विषय है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके सहयोगी नर्मदा तटों पर सेवाभावी कार्य कर रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, विधायक संजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नि अम्रता सिंह ने संबोधित करते हुए नर्मदा नदी के महत्व का बखान किया। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा कि भविष्य में भी नर्मदा किनारे बसे गांव में सेवाभावी के कार्य पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के मार्गदर्शन में होते रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, सत्यनारायण तिवारी, डॉ. संजीव चांदोरकर, डॉ.बेहरानी, डॉ.धीरावानी, डॉ.ग्रोवर, डॉ. अभिषेक चांदोरकर, सुरेंद्र ढिमोले, देवेंद्र पटेल छोटू, टिंकू अग्रवाल, जगतबहादुर अन्नु के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और मां नर्मदा संरक्षण न्यास के पदाधिकारी, सदस्य व स्वयंसेवक मौजूद थे। स्वास्थ्य शिविर में 700 से अधिक ग्रामीणों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं निशुल्क दवा प्राप्त की। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पंजीयन करवाया।

ट्रेंडिंग वीडियो