नरसिंहपुर

शादी समारोह में गई मासूम का कपड़े में लिपटा मिला शव

पुलिस को नहीं दी सूचना, सामाजिक दबाव के चलते परिजनों ने दफना दिया शव, गैंगरेप की आशंका, संदिग्ध परिस्थिति में मासूम की मौत

नरसिंहपुरApr 25, 2019 / 07:42 pm

narendra shrivastava

Dead body found in a wedding ceremony

गोटेगांव। पुलिस थाना मुंगवानी के सिवनी बंधा गांव में एक पांच साल की आदिवासी बच्ची का शव दूसरे के घर में कपड़े में लिपटा हुआ मिला। सामाजिक दबाव के चलते बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत की जानकारी पुलिस को देने की अपेक्षा उसका अंतिम संस्कार सुबह कर दिया गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह अंतिम संस्कार करके वापस आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात को सिवनी बंधा गांव में शादी का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में बच्ची अन्य बच्चों के साथ देर रात खेलती रही। रात को वह अपने घर नहीं आई और सुबह उसका शव बाजू वाले मकान में एक कपड़े में लिपटा हुआ मिला। सूत्रों से पता चला है कि बच्ची के साथ रात में अज्ञात लोगों ने दुष्कर्म किया और जब उसकी मौत हो गई तो उसको कपड़े में लपेट दिया। सुबह उसकी मौत की जानकारी माता-पिता को लगी। उन्होंने पुलिस को सूचना देने की अपेक्षा सामाजिक दबाव के चलते सुबह उसे दफना दिया।
पत्रिका को सुबह घटना के संबंध में फोन पर जानकारी मिली। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। उन्होंने मुंगवानी पुलिस थाना के अधिकारी को मौके पर भेजा। मुंगवानी थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह राठौर ने बताया कि जानकारी मिलते ही गांव गए थे। जब हम पहुंचे तो लडक़ी को दफना कर लोग आ रहे थे। उसके माता-पिता और गांव के लोगों को हम लोगों के पहुंचने पर आश्चर्य हुआ और वे कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थे। इसके कारण माता-पिता से विस्तार से जानकारी नहीं मिल पाई है। थाना प्रभारी का कहना है कि बिना माता-पिता की सहमति से दफन किए गए बच्ची के शव को उखड़ाने की कार्रवाई नहीं हो सकती है। यदि लडक़ी का शव दफन नहीं हुआ होता तो उसका पंचनामा बनाया जा सकता था। थाना प्रभारी का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गोटेगांव आना था इसलिए वहां आ गए हैं। वह फिर से गांव जाकर उक्त मामले की तहकीकात सूक्ष्मता से करेंगे। थाना प्रभारी का कहना है कि उनके माता-पिता कह रहे थे कि रात को बच्चे कार्यक्रम में थे तब हम लोगों ने समझा कि रात अधिक हो गई होगी तो वह कहीं सो गई होगी इसलिए रात के समय उसकी तलाश नहीं की गई।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.