script

दीप पर्व दीपावली आज : इस बार त्रिवेणी संयोग में आ रही दीवाली

locationनरसिंहपुरPublished: Nov 06, 2018 06:17:56 pm

Submitted by:

ajay khare

बाजार में उत्साह, धनतेरस ने दिया व्यापार को सहारा

diwali

diwali

गाडरवारा। पंच दिवसीय दीपोत्सव का सबसे बड़ा त्यौहार दीपावली इस बार चुनावी गहमा गहमी के बीच आज बुधवार को पडऩे जा रहा है। जिसमें घरों घर लक्ष्मी पूजन, पटाखे एवं मिठाईयों की धूम रहेगी। वहीं पंडितों के अनुसार इस बार दीपावली पर समृद्धि और सामथ्र्य प्रदान करने वाला आयुष्मान, सौभाग्य और स्वाति नक्षत्र का मंगलकारी त्रिवेणी संयोग बनने जा रहा है। इस संयोग में मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना से धन वर्षा होगी। इसका सकारात्मक असर लंबी अवधि तक रहेगा। इस दौरान कई विशिष्ट संयोग भी बनेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार दीपावली पर बन रहा त्रिवेणी संयोग बेहद विशेष है। कहा जाता है कि आयुष्मान योग में किए कार्य लंबे समय तक शुभ फल प्रदान करते हैं और जीवन भर सुख प्राप्त होता है। दूसरा सौभाग्य प्रदान करने वाला सौभाग्य योग है। यह योग सदा मंगल करने वाला है। नाम के अनुरूप यह भाग्य को उदय करने वाला माना जाता है। स्वाति 15वां नक्षत्र है, इसका स्वामी राहु यानी अंधकार है। कहा जाता है कि जिस प्रकार स्वाति नक्षत्र में ओस की बूंद सीप पर गिरती है तो मोती बनती है, ठीक उसी प्रकार इस नक्षत्र में जातक की तरफ से किया गया कार्य उसे सफलता देता है।
व्यापार को मिला सहारा
अंचल के व्यापारियों में दीपावली का उत्साह देखने को मिल रहा है। क्योंकि मंदी की आशंका के उलट दीपावली के पूर्व धनतरेस पर सोमवार को नगर में दोपहर से ही दुकानों पर ग्राहकों की रौनक दिखने लगी थी। वहीं शाम होते ही बाजार में शहरी ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई। बाजार को धनतरेस ने बड़ा सहारा दिया इससे दीपावली पर भी खरीद की आस जगी है।
धनतेरस के दौरान सबसे अधिक ग्राहकी बर्तन दुकानों पर हुई। जहां लोगों ने आधुनिक घरेलू उपकरणों के अलावा परंपरागत बर्तन भी खरीदे जिनमें पीतल एवं तांबे की बर्तन भी खरीदे गए। सराफा दुकानदारों के अनुसार फुटकर छोटी ग्राहकी ठीक बताई गई, लेकिन बड़े ग्राहक कम रहे।
वाहन बाजार में रहा उत्साह
धनतेरस पर वाहन दुकानों पर भीड़ उमड़ी इसमें दोपहिया वाहन शोरूम संचालक रविशेखर जायसवाल ने बताया बाजार शानदार रहा बीते साल की तुलना में 60 प्रतिशत अधिक ग्राहकी हुई। सुमित छाबड़ा ने बताया दोपहिया वाहनों की अच्छी ग्राहकी रही। लेकिन इलेक्ट्रानिक्स आईटमों में खरीदी औसत रही। राजपूत ट्रेडर्स के अर्पित राजपूत ने बताया गत वर्ष से कुछ कम ग्राहकी हुई। तिपहिया ऑटो शोरूम संचालक नवनीत काबरा ने बताया ऑटो में पिछली बार के बराबर ही इस बार भी धनतेरस पर खरीदी हुई। ट्रेक्टर विक्रेता अंकित दीक्षित ने कहा पुष्य नक्षत्र पर हमने 13 ट्रेक्टर बेचे थे, धनतेरस पर सभी नौ बेचे, बाजार अच्छा रहा। इसके अलावा अन्य सभी प्रकार की दुकानों पर भी ग्राहकी देखी गई। लोगों ने इस मौके पर पूजन सामग्री की खरीदी भी की। वहीं लोक मान्यता के चलते धनतेरस पर कई लोगों ने झाडू खरीदी।
दीपावली एवं दोज के शुभ मुर्हूत
गाडरवारा। नगर के ज्योतिषाचार्य व कथा वाचक पंडित आदित्य पाराशर गाडरवारा के अनुसार इस वर्ष दीपावली पर माता लक्ष्मी के पूजन हेतु सायं 05:32 मिनट से 08:02 मिनट तक प्रदोष काल, स्थिर वृष लग्न व शुभ मुहूर्त का शुभ संयोग होने के कारण यह पूजन हेतु अत्यंत श्रेष्ठ समय है। इसके पश्चात सायं 07:02 से रात्रि 11:32 तक क्रमश: शुभ, अमृत व चर की चौघडिय़ा चलेगी। इस समय पूजन करना शुभ फलदायक रहेगा। प्रदोष काल में छात्रों को पूजन करना तथा वृष लग्न में व्यापारियों व सरकारी नौकरी वालों को पूजन करना लाभदायक होता है ग्रहस्थ लोगों के लिए दोनों मुहूर्त श्रेष्ठ हैं। इसी प्रकार भाई दूज पर प्रात: 06:30 से 11 बजे तक क्रमश: चर, लाभ, अमृत तथा 12:30 से दो बजे तक शुभ मुहूर्त रहेगा।

ट्रेंडिंग वीडियो