script

फोरलेन पर पौधे लगाने पर खर्च किए २ करोड़ २६ लाख फिर भी ठूंठ तक नजर नहीं आ रहे

locationनरसिंहपुरPublished: Dec 05, 2019 08:43:44 pm

Submitted by:

ajay khare

लगाए जाने थे २१ हजार पौधे

narsinghpur

लगाए जाने थे २१ हजार पौधे

नरसिंहपुर. जिले से होकर गुजरे ७० किमी के फोरलेन के दोनों ओर १४० किमी में पौधे लगाए जाने थे । वन विभाग के मुताबिक २१ हजार पौधे लगाए जाने थे जो उन्होंने लगा दिए हैं इसके बावजूद मीलों दूरी तक पौधे तो क्या उनके ठूंठ भी नजर नहीं आते। पत्रिका की पड़ताल के मुताबिक धरातल पर महज ९ हजार पौधे ही नजर आते हैं । फोरलेन के दोनों ओर खाली पड़े ट्री गार्ड इस बात का प्रमाण देते हैं कि पौधे लगाने की प्रक्रिया कागजों पर दुरूस्त है धरातल पर नहीं।
——————
सागर से नरसिंहपुर होकर सिवनी नागपुर जाने वाले फोरलेन का ७० किमी का हिस्सा इस जिले से होकर गुजरता है। फोरलेन बनाते समय यहां दोनों ओर लगे वर्षों पुराने वृक्षों का बेरहमी से कत्लेआम किया गया था। यहां तक कि नर्मदा के परिक्रमा पथ के हजारों पेड़ काट डाले गए थे। हालात यह हैं कि नर्मदा यात्रियों को अपनी परिक्रमा के दौरान कई मील तक थोड़ा सुस्ताने के लिए छाया तक नसीब नहीं होती। गर्मियों के दिनों में धूप में झुलसते हुए यात्रा करनी पड़ती है। दूसरी ओर यदि फोरलेन पर गाड़ी पंचर हो जाए तो लोगों को मीलों तक पेड़ नजर नहीं आते जिसकी छाया में अपने परिवार को खड़ा कर गाड़ी ठीक कराने तक इंतजार करा सकें।
—————
स्पॉट-१
नरसिंहपुर से करेली और बरमान तक अधिकांश क्षेत्र में सड़क किनारे वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधे नजर नहीं आते, कहीं पर कुछ जंगली पौधे जरूर वृक्ष का रूप लेते नजर आते हैं। यहां डिवाइडर पर जरूर कनेर के बड़े झाड़ दिखते हैं और सर्दी में उनमें पर्याप्त संख्या में फूल नजर आते हैं।

स्पॉट -२
आरटीओ कार्यालय से लेकर दादा महाराज तक फोरलेन के दोनों ओर अधिकांश ट्री गार्ड खाली नजर आते हैं। इनमें झांकने पर घास फूस उगी दिखती है। ये ट्री गार्ड वन विभाग द्वारा यहां लगाए गए पौधों की जमीनी हकीकत बयान करते हैं।
————-
फैक्ट फाइल
लगाए जाने थे २१ हजार पौधे
सरकारी रिकार्ड में लगाए २१ हजार
जमीन पर नजर आ रहे ८ से ९ हजार
२१ हजार पौधे लगाने पर व्यय २ करोड़ २६ लाख
पौधों की कीमत २५ लाख
गड्ढा करने पर खर्च २५ लाख
ट्रांसपोर्टेशन पर व्यय-२६ लाख
ट्री गार्ड पर व्यय १ करोड़ ५० लाख
जिले से होकर गुजरा है ७० किमी का फोरलेन
दोनों ओर १४० किमी में लगाए जाने थे पौधे
——————————–
वर्जन
फोरलेन से संबंधित पौधरोपण के लिए २१ हजार पौधे लगाए जाने थे जो लगा दिए गए हैं। शासन के नियमानुसार पौधरोपण किया गया है, फोरलेन के दोनों ओर जो पौधे लगाए गए हैं उन्हें ट्रीगार्ड से सुरक्षित भी किया गया है।
एमआर बघेल, डीएफओ
———–

ट्रेंडिंग वीडियो