script# अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस विधायक नपाध्यक्ष से लेकर एसडीएम तहसीलदार तक महिलाओं के हाथ में शासन प्रशासन की कमान | Legislation governance in the hands of women from MLA Constituency to | Patrika News

# अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस विधायक नपाध्यक्ष से लेकर एसडीएम तहसीलदार तक महिलाओं के हाथ में शासन प्रशासन की कमान

locationनरसिंहपुरPublished: Mar 08, 2019 12:51:43 pm

Submitted by:

ajay khare

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
 

प्रशासनिक पदों पर भी महिलाएं दिखा रहीं प्रतिभा
गाडरवारा। आज अंतरराष्ट्रीय विश्व महिला दिवस मनाया जाएगा। जिसमें महिला अधिकारों को लेकर चर्चाओं के साथ महिलाओं का सम्मान एवं अनेक प्रकार के महिला जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील वर्तमान में महिला दिवस के परिप्रेक्ष्य में अनूठी दिखाई दे रही है क्योंकि यहां प्रशासनिक से लेकर राजनीतिक पदों पर चारों ओर महिलाओं का ही वर्चस्व है,आज क्षेत्र की विधायक से लेकर नगर पालिका अध्यक्ष एसडीएम तहसीलदार नायब तहसीलदार एवं पुलिस थाना समेत विभिन्न विभागों में महिला अधिकारी बखूबी अपने दायित्व का निर्वहन कर रही हैं।
ये महिलाएं सम्हाल रही सत्ता की कुर्सी
क्षेत्रीय विधायक सुनीता पटेल ंने कई वर्ष जन हितेषी मुद्दों पर संघर्ष आंदोलन कर लोगों के मन में जो जगह बनाई है उसी के परिणाम स्वरुप आज विधायक बनने के बाद इनकी लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है विधायक सुनीता पटेल गरीब महिलाओं की हमदर्द मानी जाती हैं पूर्व में अपनी सामाजिक संस्था के माध्यम से इन्होंने महिलाओं के हित में अनेक जन हितेषी कार्य किए हैं अब सत्ता पक्ष की विधायक बनने के बाद शासन के माध्यम से जन सेवा कर रही हैं।
इसी प्रकार नगर पालिका अध्यक्ष अनिता जायसवाल की बात करें, तो इन्होंने बरसों के बाद नपाध्यक्ष पद पर भाजपा के एकाधिकार को समाप्त किया था विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद नगर एवं जिले के इतिहास में पहली बार खाली कुर्सी भरी कुर्सी के चुनाव हुए जिसमें उन्होंने भारी अंतर से दोबारा जीत हासिल कर विरोधियों के मुंह बंद कर दिए। नपाध्यक्ष के कार्यकाल में करोड़ों के विकास कार्य नगर पालिका में देखने को मिल रहे हैं जिनमें लगभग 22 करोड़ से अधिक की नर्मदा जल आवर्धन योजना करोड़ों की मॉडल रोड तथा प्रत्येक वार्ड में अनेक विकास कार्य महिला शक्ति के कुशल नेतृत्व की गवाही देते नजर आते हैं।
प्रमुख प्रशासनिक पदों पर भी महिलाएं
गाडरवारा तहसील में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के पद पर पदस्थ सोनम जैन की देखरेख में नवंबर के महीने में विधानसभा के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। भारी कशमकश एवं राजनीतिक गहमागहमी के बीच विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी विघ्न बाधा के चुनाव संपन्न कराना प्रशासन की कुशलता का परिचायक रहा। एसडीएम सोनम जैन के अलावा तहसीलदार रश्मि चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल, जनपद चीचली सीईओ प्रतिभा परतें, स्थानीय पुलिस थाने की महिला उपनिरीक्षक सरोज ठाकुर, पुलिस थाना के परिवार परामर्श केंद्र महिला डेस्क की प्रभारी अंजली दुबे, नगर परिषद चीचली की सीएमओ राजकुमारी साहू, शासकीय कन्या नवीन स्कूल की प्राचार्य आरती पाठक, महिला एवं बाल विकास साईं खेड़ा की परियोजना अधिकारी फिरदौस अख्तर राइन सहित विभिन्न विभागों में पदस्थ महिलाएं पुरुषों की तुलना में बखूबी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं साथ ही अपने परिवार का दायित्व शासन प्रशासन के दायित्व के अलावा संभाल रही हैं। समाज सेवा के क्षेत्र में भी नगर की अनेक संगठनों से जुड़े समाजसेवी महिलाओं ने जिला एवं प्रदेश में ख्याति पाई है।
इनका कहना
मैंने महिला हितों एवम अन्याय के विरुद्ध वर्षो संघर्ष किया है। आज महिलाएं जागरूक हो रही हैं, चूल्हे चौके से लेकर आज हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी कुशलता दिखाई है। सभी महिलाएं आगे ब?े देश प्रदेश के विकास में सहभागी बने यही महिला दिवस पर मेरी कामना है।
सुनीता पटेल विधायक
महिलाएं अब और जागरूक होती जा रही हैं। पार्षद नपाध्यक्ष, विधायक,एसडीएम तहसीलदार सब पदों पर महिलाएं हैं। हम घर परिवार के साथ पद का दायित्व भी निभा रहे है जो सिद्ध करता है महिला कमजोर नही है।
अनिता जायसवाल नपाध्यक्ष
आजकल महिला पुरुष के बीच का अंतर समाप्त होता जा रहा है। महिलाओं के शिक्षित जागरूक होने से बड़े बड़े पदों पर महिलाएं सफल हो रही हैं। महिला दिवस पर मेरा सन्देश है कि हमे जो भी जिम्मेदारी मिली है उसे लगन निष्ठा से पूरा करे।
सोनम जैन एसडीएम गाडरवारा
महिलाओं के हित में अनेक कानून हैं, महिला अपराध से सुरक्षा हेतु अनेक हेल्प लाइन नम्बर है, महिला खुद जागरूक रहे अपरिचित पर जल्द विश्वास न करे, किसी की मीठी बातों में न आये, कोई संदेह होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करे तो महिला अपराध में और कमी आ सकती है।
सरोज ठाकुर, उपनिरीक्षक थाना गाडरवारा
हमारे पास महिला डेस्क में रोज महिलाओ के मामले आते है, आज महिलाओ के साथ अन्याय के मामले कम तो हुए है लेकिन मैं ये भी कहना चाहूंगी कि घरेलू विवाद का बड़ा कारण है, महिलाएं मायके में छोटी छोटी बातें बता देती है, समझदारी से काम ले। महिला के बिना परिवार अधूरा होता है।
अंजलि दुबे महिला डेस्क प्रभारी थाना गाडरवारा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो