scriptmp election 2018 : जिन्होंने खेत की पगडंडी नहीं देखी, वे कर रहें किसान की बात | mp election 2018 ,mp election 2018 month,cm shivraj singh - | Patrika News

mp election 2018 : जिन्होंने खेत की पगडंडी नहीं देखी, वे कर रहें किसान की बात

locationनरसिंहपुरPublished: Sep 16, 2018 09:50:03 am

जिन्होंने खेत की पगडंडी नहीं देखी, वे कर रहें किसान की बात

mp election 2018

mp election 2018

नरसिंहपुर। मप्र बीमारू राज्य के रूप मेें भाजपा को मिला था। कांग्रेस के 50 साल के राज में न बिजली थी, न सड़कें थीं और न ही शिक्षा के लिए कोई बेहतर व्यवस्था। लोग परेशान थे। बिजली गायब रहती थी और त्रस्त जनता रात में सड़कों पर घूमने के लिए मजबूर थी। हमने गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछाया है, जिससे प्रदेश समृद्धि की ओर बढ़ा है। यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान नरसिंहपुर में कही। यहां जनपद मैदान में आयोजित सभा में सीएम ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। चौहान ने कहा कि किसान की चिंता में घडिय़ाली आंसू बहाने वालों ने कभी गांव नहीं देखा, गांव की गलियां नहीं देखी, खेत और खेत की पगडंडी नहीं देखी, कीचड़ नहीं देखा, धूल-माटी नहीं देखी, चूल्हा नहीं देखा, चौका नहीं देखा, वे किसान की बात कर रहे हैं। उन्हें तो ये भी पता नहीं है कि भिंडी कैसे लगती है। जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने नरसिंहपुर से पूर्व गाडरवारा और तेन्दूखेड़ा में भी जनसमूह को संबोधित किया। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सीमएम का जगह-जगह स्वागत किया गया।

सभा में सीएम ने कहा कि सरकार ने सिंचाई संसाधनों की चिंता की है। चिनकी उद्वहन सिंचाई येाजना से ढाई लाख एकड़ जमीन की सिंचाई होगी। बरमान में ट्रीटमेंट प्लांट लगा रहे हैं, ताकि पतित पावनी नर्मदा में गंदा पानी जाने से रुके। मुख्यमंत्री की सभा के दौरान कांग्रेस नेता सुदर्शन वैद्य ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर लोक निर्माण, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, लोकसभा सांसद राव उदय प्रताप सिंह, प्रहलाद पटैल, फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद प्रभात झा एवं कैलाश सोनी, विधायक गोविंद सिंह पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष वीरेन्द्र फ ौजदार भाजपा जिलाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा, नगर अध्यक्ष बंटी सलूजा, जिला प्रवक्ता अजय प्रताप सिंह पटैल मौजूद थे।

गाडरवारा में गन्ना किसानों की बात
जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान सीएम ने सबसे पहले गाडरवारा पहुंचकर जनता से आशीर्वाद मांगा। यहां मंडी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा छोटे व्यापारियों को भी संबल योजना में शामिल कर उन्हे लाभ दिया जाएगा। बेरोजगारी के मुददे पर कहा कि प्रदेश में शिक्षकों, पुलिस विभाग में भर्तियां शुरू हो रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि चार साल के भीतर हर गरीब के पास पक्का मकान होगा। उन्होंने गन्ना किसानों की मांग पर विचार करके यथा संभव निदान का भी भरोसा दिलाया। इसके मौके पर उन्होंने जवाहर कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में 93 करोड़ 29 लाख 83 हजार रूपये लागत के 12 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 24 करोड़ 98 लाख 76 हजार रूपये लागत के 7 निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन और 68 करोड़ 31 लाख 7 हजार रूपये लागत के 5 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

तेन्दूखेड़ा में कई कार्यों का लोकार्पण
तेंदूखेड़ा में कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में 36 करोड़ 30 लाख रूपये के 5 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 21 करोड़ 52 लाख 48 हजार रूपये लागत के 3 निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन और 14 करोड़ 77 लाख 40 हजार रूपये लागत के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यहां 12 करोड़ 23 लाख रूपये लागत के गन्ना अनुसंधान केन्द्र बोहानी, 2 करोड़ 13 लाख 70 हजार रूपये लागत की बिल्थारी से कठई तक की 3 किमी लम्बाई की सड़क एवं 7 करोड़ 15 लाख 78 हजार रूपये लागत की इमलिया से जैथारी तक की सड़क में शक्कर नदी पर पुल निर्माण के कार्यों के लिए भूमिपूजन किया। उन्होंने 13 करोड़ 97 लाख 40 हजार रूपये की लागत से निर्मित जलावर्धन योजना और देवरी में 80 लाख रूपये की लागत से निर्मित स्टेडियम. ग्रामीण क्रीड़ांगन का लोकार्पण किया। जनाशीर्वाद यात्रा के विशेष रथ में उनके साथ विधायक संजय शर्मा मौजूद रहे।

काले झंडे दिखाने पहुंचे कांग्रेसी गिरफ्तार, झड़प
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान जिले भर में कांग्रेस व उसके अनुसांगिक संगठनों द्वारा विरोध के प्रयास किए गए। इस दौरान काले झंडे, गुब्बारे व टीशर्ट पहनकर कांग्रेस पदाधिकारी, एनएसयूआई, युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। नरसिंहपुर जिला मुख्यालय पर पूर्व विधायक सुनील जायसवाल, युवक कांग्रेस के रोहित पटैल, अतुल चौरसिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेसजनों द्वारा सुभाष पार्क चौराहा पर नारेबाजी की गई। पुलिस द्वारा काले झंडे छुड़ाए और गिरफ्तार कर अन्यत्र ले जाया गया। सुभाष पार्क चौराहा पर शाम को हुए इस वाकये से अफरातफरी मच गई। इसी तरह गाडरवारा में कांग्रेस प्रवक्ता मिनेन्द्र डागा, प्रदेश सचिव मनीष राय छोटू, नगर पालिका अध्यक्ष अनीता, रविशेखर जायसवालए सुनीता पटेल, सुरेंद्र पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जिनेश जैन, अभिनय ढिमोले, पूर्व विधायक दीनदयाल ढिमोले, अनीता जायसवाल रविशेखर जायसवाल समेत अनेक कार्यकर्ताओं को काले झंडे दिखाने के प्रयास में हिरासत में लिया गया। इधर करेली में कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। यहां कांग्रेस नेता पूर्व जिपं अध्यक्ष देवेन्द्र पटैल, नपा अध्यक्ष राजेन्द्र रघुवंशी, संतोष कठल, राघवेेन्द्र रघुवंशी सहित सैकड़ों की संख्या में मौजूद कांग्रेसजनों ने काला झंडा लहराते हुए रैली निकाली। बाद में एसडीएम महेश बमनहा को ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी दी गई। सभा को लेकर पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद सुरक्षा रही।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो