scriptMP सरकार की बड़ी पहल, महिलाओं के लिए वरदान | urja mahila help desk to stop female violence in Narsinghpur | Patrika News

MP सरकार की बड़ी पहल, महिलाओं के लिए वरदान

locationनरसिंहपुरPublished: Mar 02, 2021 04:03:05 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-बेहिचक अपनी पीड़ा सुना सकेंगी महिलाएं, युवतियां

ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क

ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क

नरसिंहपुर. पीड़ित महिलाओं की पीड़ा सुनने और उस पर त्वरित विधिक कार्रवाई के लिए MP सरकार ने बड़ी पहल की है। उम्मीद की जा रही है कि अब महिलाएं, युवतियां बेहिचक अपनी पीड़ा बयां कर सकेंगी। इसके बाद उन्हें त्वरित विधिक न्याय भी मिल पाएगा। ये सब मुमकिन हो पाएगा urja mahila help desk की मदद से।
सूबे की ऐसी महिलाओं, युवतियों के लिए सरकार की ओर से विधिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क बनाया जा रहा है। इस डेस्क के जरिए महिलाओं-बालिकाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई के साथ उन्हें जरुरी परामर्श, विधिक जानकारी दी जाएगी।
नरसिंहपुर जिले के 11 पुलिस थानों में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की स्थापना होगी। यह डेस्क केवल महिला पीड़ितों की शिकायतों को सुनने और उसका निवारण करने का काम करेगी। यानी वो निःसंकोच अपनी आपबीती महिला पुलिस अफसर के सामने रख पाएंगी। महिला पुलिस अफसर उन्हें विधिक सहायता भी मुहैया कराएंगी।
योजना के तहत जिले के 11 थानों में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क शुरू होंगी। इसके लिए थानों में पहले से ही महिला बल उपलब्ध करा दिया गया है। ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क के संचालन के लिए सभी 11 डेस्क के लिए महिला एसआइ को संचालक नियुक्त किया गया है।
11 थाने और डेस्क संचालक

कोतवाली थाने में डेस्क की संचालक की भूमिका में होंगी एसआइ साधना विनोदिया, करेली में दीप्ति मिश्रा, स्टेशनगंज थाना में सरस्वती उइके, गोटेगांव में मनीषा लिल्हारे, ठेमी में सरोज रामसखा, मुंगवानी में एसआइ दिव्या सनोडिया, तेंदूखेड़ा में रूचिका सूर्यवंशी, सुआतला में रजनी शुक्ला, गाडरवारा जयवती कुडोपे, चीचली में सुमन ठाकुर व सांईखेड़ा में सविता कुबेरे को संचालक बनाया गया है।
ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क के लिए कोतवाली, गाडरवारा, सांईखेड़ा, चीचली, तेंदूखेड़ा, गोटेगांव, ठेमी, मुंगवानी में अलग से नवीन भवन उपलब्ध है। जहां से डेस्क का संचालन होगा। वहीं शेष थानों में डेस्क के लिए एक कक्ष निर्धारित किया जाएगा।
ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क कक्ष में संचालक के फोटो सहित मोबाइल नंबर, नोटिस बोर्ड होगा। कक्ष की दीवारों पर विधिक सहायता से जुड़े सदस्यों के नंबर, चिकित्सकों की जानकारी के साथ ही काउंसलरों की जानकारी दर्ज की जाएगी।
कोट

“महिलाओं से संबंधित अपराधो के रोकथाम के लिए यह महिला ऊर्जा डेस्क शुरू किया जा रहा है। इसके तहत सर्व प्रथम मुंगवानी में एक कक्ष का शुभारंभ कर दिया गया है। सभी 11 थानों में यह डेस्क कार्य करेगी।” –विपुल श्रीवास्तव,पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर

ट्रेंडिंग वीडियो