नई दिल्लीPublished: Nov 09, 2023 10:26:26 pm
Paritosh Shahi
भारत ने आठ पूर्व भारतीय नौसेना कर्मियों को मौत की सजा के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सभी कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि कतर में आठ भारतीयों को दी गई मौत की सजा के खिलाफ भारत सरकार ने अपील दायर की है। प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि सभी कानूनी विकल्पों पर गहन विचार करते हुए यह अपील दायर की गई है। अपने स्तर पर कतरी अधिकारियों से संपर्क साधा जा रहा है। बता दें कि, उस वक्त पूरा देश स्तब्ध रह गया जब अक्टूबर में कतर की एक अदालत ने आठ पूर्व भारतीय नौसेना कर्मियों को मौत की सजा सुनाई। ये सभी पूर्व भारतीय नौसेना एक साल से अधिक समय से देश में हिरासत में थे। इसकी सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई। अब इस मामले पर नया अपडेट देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा, "हमें 7 नवंबर को आठ भारतीयों के साथ कांसुलर एक्सेस का एक और दौर मिला। हम परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं। हम सभी कानूनी और कांसुलर समर्थन देना जारी रखेंगे और हम सभी से मामले की संवेदनशील प्रकृति को देखते हुए अटकलों में शामिल नहीं होने का आग्रह करते हैं।"