scriptदिल्ली MCD चुनाव: बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र, 10 रुपए में खाना देने का वादा | MCD Election 2017: BJP releases manifesto | Patrika News

दिल्ली MCD चुनाव: बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र, 10 रुपए में खाना देने का वादा

Published: Apr 16, 2017 04:39:00 pm

Submitted by:

Kamlesh Sharma

बीजेपी ने दिल्ली नगर निगमों में फिर से विजयी होने पर अगले पांच साल तक किसी प्रकार का नया कर नहीं लगाने का वादा करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश और पारदर्शिता के लिए सेवाओं को ऑनलाइन करने पर जोर दिया है।

MCD Election 2017

MCD Election 2017

बीजेपी ने दिल्ली नगर निगमों में फिर से विजयी होने पर अगले पांच साल तक किसी प्रकार का नया कर नहीं लगाने का वादा करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश और पारदर्शिता के लिए सेवाओं को ऑनलाइन करने पर जोर दिया है।
23 अप्रैल को होने वाले निगम चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार काबिज होने के लिए प्रयासरत है। पार्टी ने निगम चुनावों के लिए 41 सूत्री संकल्प पत्र जारी किया जिसमें गरीबों के लिए 10 रुपए में भोजन, सभी प्रकार के लाइसेंसों के लिए एकल खिड़की सुविधा, ढलाव मुक्त दिल्ली, स्वच्छता पर जोर और प्राथमिक शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने जैसे कई लोक लुभावने वादे किए है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रविवार को संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि निगमों में भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली भारत का दर्पण है और देश की आत्मा है। राजधानी को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए भाजपा विजयी होने पर पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और स्वच्छता से भरपूर नागरिक जीवन और बुनियादी सेवाओं का लाभ कोने-कोने तक पहुंचाने पर जोर देगी।
मैं आईआईटी से इंजीनियर हूं, EVM से छेड़छाड़ के 10 तरीके बता सकता हूं: केजरीवाल

तिवारी ने कहा कि संकल्प पत्र तैयार करने के लिए जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और निगमों के नेताओं से व्यापक राय मशविरा करके मिले सुझावों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि विजयी होने पर भाजपा अगले 5 साल तक दिल्ली के लोगों पर कोई नया कर नहीं लगाएगी और लोगों को निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े, इसके लिए सभी सेवाओं को ऑनलाइन किया जाएगा। गरीबों के लिए ‘दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना’ के तहत 10 रुपए में भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
AAP के एक और सीनियर नेता ने थामा BJP का दामन, बोले- ‘मिलता रहे PM मोदी का आशीर्वाद’

 आम जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए पार्षदों और निगम अधिकारियों की आवास कल्याण समितियों के साथ मासिक बैठक सुनिश्चित की जाएगी। संपत्ति करदाता को विशिष्ट नम्बर आवंटित किए जाएंगे। कारोबार करने के लिए लाइसेंस बनवाने में आने वाली दिक्कतों का निदान करने की दिशा में एकल खिड़की प्रणाली और न्यूनतम दस्तावेज की प्रक्रिया अपनायी जाएगी।
दिल्ली को ढलाव मुक्त बनाने के साथ-साथ कचड़े से बिजली उत्पादन के और संयंत्र लगाए जाएंगे। दिल्ली को साफ सुथरा बनाने के लिए आधुनिक मशीनों से सफाई करने के साथ ही बाजारों में रात में सफाई की व्यवस्था की जाएगी।
बाजारों में आधुनिक किस्म के शौचालय बनाने के साथ-साथ दिल्ली की ड्रेनेज प्रणाली को विश्व स्तर का बनाया जाएगा। गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए निजी स्कूलों की मदद से निगमों के स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
CM केजरीवाल का बड़ा ऐलान, ‘MCD चुनाव जीते तो खत्म होगा हाउस टैक्स- बकाया भी होगा माफ़’

सभी बच्चों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा लागू करने के साथ ही अंग्रेजी और कम्प्यूटर की शिक्षा को अनिर्वाय बनाया जाएगा। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ ही झुग्गी झोपड़ी कॉलोनियों में नियमित कॉलोनियों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
संकल्प पत्र में रिक्शा, तिपहिया चालकों, रेहड़ी पटरी वालों, वरिष्ठ नागिरकों, विधवाओं और दिव्यांगों के पेंशन, निगम के सभी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने, कर्मचारियों की स्वास्थ्य योजनाओं को कैशलेश बनाने और आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्याओं को हल करने के भी वादे किए गए है। भाजपा ने सत्ता में आने पर 500 वर्ग मीटर तक के प्लाटों पर नक्शा पास करने की अनिवार्यता को खत्म करने का भी वादा किया है। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो