राष्ट्रीय

राजग को 2019 के चुनाव में मिलेंगे 55 फीसदी वोट, तो नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत होंगे राहुल- BJP

राव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीति में नकारात्मकता का प्रतीक बनती जा रही है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, पाकिस्तानी तत्वों और कश्मीरी अलगाववादियों का समर्थन और अपनी वोट बैंक की राजनीति के चलते सिकुड़ रही है।

Jul 29, 2017 / 11:10 pm

पुनीत कुमार

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी. वी. एल. नरसिम्हा राव ने शनिवार को दावा किया है कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का मत प्रतिशत 55 फीसदी होगा। साथ ही राव ने कहा कि ऐसा आजाद भारत में दूसरी बार होगा, जब कोई सरकार 50 फीसदी से अधिक मत प्रतिशत हासिल कर सत्ता में आएगी।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए सर्वेक्षण के मुताबिक, 73 फीसदी भारतीय नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हैं और भाजपा एक के बाद एक दूसरे राज्यों की सत्ता में आती जा रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में जहां राजग को 42 फीसदी वोट मिले थे, जो 2019 में बढ़कर 55 फीसदी हो जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2019 में कांग्रेस का मत प्रतिशत घटकर 10 फीसदी रह जाएगा।
राव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीति में नकारात्मकता का प्रतीक बनती जा रही है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, पाकिस्तानी तत्वों और कश्मीरी अलगाववादियों का समर्थन और अपनी वोट बैंक की राजनीति के चलते सिकुड़ रही है। उनका कहना कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। इतना ही नहीं राहुल राजनीति में नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत होंगे। 
बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि वैश्विक निर्वाचन सर्वेक्षण एजेंसी गैलप द्वारा हाल ही में किए गए अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार दुनिया की सर्वाधिक लोकप्रिय सरकारों में से एक है। 
राव ने यह भी कहा कि कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने पूरे देश में भाजपा के तेजी से हो रहे प्रसार के पीछे उसकी सकारात्मक राजनीति और सकारात्मक सरकार को कारण बताया।

Home / National News / राजग को 2019 के चुनाव में मिलेंगे 55 फीसदी वोट, तो नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत होंगे राहुल- BJP

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.