दरअसल, रविवार रात करीब 10 बजे 15-20 लड़कों ने इलाके में मौजूद गाड़ियों में तोड़फोड़ की जिससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है इसके बाद ये तोड़फोड़ हिंसा में बदल गई जिसे दो समुदाय के बीच झड़प का नाम भी कुछ लोग दे रहे हैं। इस घटना की खबर मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया। आज पुलिस ने 40 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया है। मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय पांडेय, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तड़के सुबह जाकर घटनास्थल का दौरा किया और इस झड़प की वजह जानने की कोशिश की।
मानखुर्द थाने के एक अधिकारी ने बताया, करीब 40 से अधिक लोग रविवार रात मानखुर्द में म्हाडा कॉलोनी पहुंचे और वह जो भी वाहन खड़े थे उनपर तलवारों और बांस के डंडों से हमला करना शुरू कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति जखमी हुआ है।
अधिकारी ने बताया कि जो भी इस घटना के पीछे जिम्मेदार है उनपर एक्शन लिया जाएगा और जांच के बाद ही मूल कारणों का पता चल पाएगा। इस घटना के बाद से इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है लेकिन नियंत्रण में है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे किसी भी तरह की अफवाहों और वीडियो पर भरोसा न करने का आग्रह किया है।