71 Years 71 Stories

बाराबंकी में दरोगा ने खुद को मारी गोली

 उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले
में तैनात 30 वर्षीय दरोगा राजेश यादव ने बुधवार देर रात खुद को सर्विस रिवाल्वर से
गोली मार ली। रात के तकरीबन साढ़े बारह बजे हुई घटना की पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी
है।

Feb 12, 2015 / 07:10 am

 उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में तैनात 30 वर्षीय दरोगा राजेश यादव ने बुधवार देर रात खुद को सर्विस रिवाल्वर से गोली मार ली। रात के तकरीबन साढ़े बारह बजे हुई घटना की पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। दरोगा को तत्काल सरकारी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बाराबंकी के थाना दरियाबाद में तैनात मृतक उप निरीक्षक मूलरूप से प्रतापगढ़ जिले के थाना रानीगंज क्षेत्र के रहने वाले थे। वह पत्नी के साथ शहर में किराए के मकान में रह रहे थे।

मृतक दरोगा की पत्नी के अनुसार, वह एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर वापस आने पर वह फोन पर किसी से बातें करते रहे थे और कुछ देर बाद ही उन्होंने खुद को गोली मार ली। पत्नी की मानें तो उन पर किसी काम का दबाव था और उन्हें फोन पर धमकी भी मिली थी। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है। मकान भी सीज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक हमीद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का लग रहा है और जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी।

Home / 71 Years 71 Stories / बाराबंकी में दरोगा ने खुद को मारी गोली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.