scriptराहुल गांधी की सांसदी रद्द होने के मामले में देशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस, मीटिंग में लिए गए कई फैसले | Rahul Gandhi Disqualified as Lok Sabha MP in defamation case Congress News and update | Patrika News
live--icon/ Updated

राहुल गांधी की सांसदी रद्द होने के मामले में देशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस, मीटिंग में लिए गए कई फैसले

Rahul Gandhi Disqualified as Lok Sabha MP: 'मोदी सरनेम' वाले मानहानि मामले में सूरत कोर्ट द्वारा दो साल की कैद की सजा सुनाए जाने के एक दिन बाद ही राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से हाथ होना पड़ा। शुक्रवार को लोकसभा सचिवालय की ओर से पत्र जारी कर केरल के वायनाड सांसद राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करने का फरमान जारी कर दिया गया। जिसके बाद से कांग्रेस बुरी तरह से भड़की है। पढ़िए लेटेस्ट अपडेट।

नई दिल्लीUpdated: March 24, 2023 11:00:19 pm

प्रमुख अपडेट
congress_meeting.jpg

राहुल गांधी की सांसदी समाप्त होने पर कांग्रेस की हाईलेवल मीटिंग

Mar 24, 2023 | 10:57 PM (IST)

देशव्यापी आंदोलन छेड़ेंगी कांग्रेस

राहुल गांधी की सांसदी समाप्त होने के बाद कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन छेड़ने की रणनीति बनाई है। इस मसले पर शुक्रवार देर शाम AICC मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता और CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्षों, CLP नेताओं सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि कांग्रेस देश भर में यह मुद्दा लेकर जाएगी कि राहुल गांधी जी की संसद सदस्यता जानबूझकर खत्म की गई है।

इसके तीन प्रमुख कारण हैं

1. राहुल जी ने मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज़ उठाई
2. भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से BJP घबराई हुई है
3. राहुल जी अडानी घोटाले पर बोल रहे हैं

Mar 24, 2023 | 09:54 PM (IST)

केरल में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने का विरोध हिंसक हो उठा है। केरल में राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर देर रात लाठीचार्ज किया गया। यहां रोके जाने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई। जिसके बाद पुलिस ने लाठियां भी भांजी। जिसमें कई लोगों के चोटिल होने की खबर सामने आई है।

 

Mar 24, 2023 | 09:58 PM (IST)

हम पीछे नहीं हटने वाले, हम लड़ेंगे- प्रियंका गांधी

राहुल गांधी की सांसदी समाप्त किए जाने का फैसला आने के बाद उनके घर पहुंची कांग्रेस महासचिव और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे भाई ने अडानी का मुद्दा उठाया इसलिए ये सब हुआ। ये सरकार अडानी पर जवाब नहीं देना चाहती। हमारे शरीर में शहीदों का खून है। जिस खून को आप बार-बार परिवारवादी कहते हैं ये खून इस देश के लिए बहा है। हम पीछे हटने वाले नहीं है, हम लड़ेंगे।

Mar 24, 2023 | 09:59 PM (IST)

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस की बैठक में इस मामले के विरोध की रणनीति बनी। जिसके बारे में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि हम इसको एक जन आंदोलन के रूप में आगे ले जाएंगे। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के साथ राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर जन चेतना कार्यक्रम, संविधान बचाओ कार्यक्रम अभियान चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम सोमवार से शुरु होगा।

Mar 24, 2023 | 07:17 PM (IST)

वायनाड में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में उनके संसदीय क्षेत्र वायनाड में कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए हैं। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर नारेबाजी करते दिखे। इसका वीडियो भी सामने आया है।

Mar 24, 2023 | 07:18 PM (IST)

रायपुर में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प

राहुल गांधी की सांसदी समाप्त किए जाने के विरोध में देश भर में प्रदर्शन हो रहे है। इस बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के वकर्स आमने-सामने आ गए। फिर पुलिस द्वारा हस्तक्षेप किए जाने पर मामलला शांत हुआ।

Mar 24, 2023 | 06:22 PM (IST)

सीपीआई नेता सीताराम येचूरी ने भी केंद्र पर बोला हमला

सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा, यह निंदनीय है कि भाजपा अब विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और उन्हें अयोग्य घोषित करने के लिए आपराधिक मानहानि के रास्ते का उपयोग कर रही है, जैसा कि अब राहुल गांधी के साथ किया गया है। यह विपक्ष के खिलाफ ईडी/सीबीआई के घोर दुरूपयोग के शीर्ष पर आता है। ऐसे सत्तावादी हमलों का विरोध करें और उन्हें हराएं।

Mar 24, 2023 | 06:21 PM (IST)

राजद ने कहा- यह लोकतंत्र की हत्या

आरजेडी सांसद मनोज झा ने ट्वीट कर कहा, लेटेस्ट मेडिकल अपडेट. लोकतंत्र को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये लोकतंत्र की हत्या है, लोकतंत्र के इतिहास में इससे बड़ा काला धब्बा और कुछ नहीं हो सकता। जिस तीव्रता से ये निर्णय लिया गया, इसके पीछे आधारहीन तथ्य हैं, तर्क हैं। सभी दलों को अब मिलकर इस तानाशाही को जमींदोज करना होगा। अन्यथा आजदी के 75 वें वर्ष पर जो देश का नुकसान हो रहा है, उसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो पाएगी।

Mar 24, 2023 | 06:21 PM (IST)

ममता बनर्जी भी राहुल गांधी के साथ आईं

राहुल गांधी की सांसदी जाने पर टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, पीएम मोदी के न्यू इंडिया में बीजेपी के निशाने पर विपक्षी नेता! जबकि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले भाजपा नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है, विपक्षी नेताओं को उनके भाषणों के लिए अयोग्य ठहराया जाता है। आज, हमने अपने संवैधानिक लोकतंत्र के लिए एक नया निम्न स्तर देखा है।

Mar 24, 2023 | 06:19 PM (IST)

केजरीवाल बोले- डरी हुई सरकार की हरकत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने को 'डरी हुई सरकार का कृत्य' करार दिया। उन्होंने मीडिया से कहा, जिस तरह से राहुल गांधी को फंसाया गया और उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई है..हम अदालत का सम्मान करते हैं, लेकिन यह एक कायरतापूर्ण कार्य है और डरी हुई सरकार का काम है। उन्होंने देश की जनता से लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आने की अपील की।

Mar 24, 2023 | 06:17 PM (IST)

राहुल गांधी की सांसदी जाने के बीच ऑर्डिनेंस फाड़ने वाली घटना का जिक्र क्यों?

राहुल गांधी की सांसदी जाने को अब 10 साल पहले हुए वाकये से जोड़ा जा रहा है जब राहुल ने इसी मामले पर आए ऑर्डिनेंस को सबके सामने फाड़ दिया था। अगर राहुल ने 10 साल पहले ऑर्डिनेंस को नहीं फाड़ा होता तो आज स्थिति कुछ और ही होती।

पढ़ें पूरी रिपोर्ट- राहुल गांधी ने 10 साल पहले अगर नहीं फाड़ा होता ऑर्डिनेंस, तो आज नहीं जाती सांसदी

Mar 24, 2023 | 05:42 PM (IST)

सांसदी जाने पर बोले राहुल गांधी- मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं

मानहानि मामले में लोकसभा की सदस्यता रद्द होने पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने दो लाइन के ट्वीट में अपना जवाब दिया है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, '' मैं भारत की आवाज़ के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।"

Mar 24, 2023 | 05:38 PM (IST)

राहुल की सांसदी जाने पर प्रियंका ने मोदी सरकार पर बोला जोरदार हमला

राहुल गांधी की सांसदी जाने पर कांग्रेस महासचिव और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने एक के बाद एक चार ट्ववीट करते हुए पूछा कि मोदी की सदस्यता को अयोग्य क्यों नहीं ठहराया जाता। साथ ही उन्होंने अडानी मामले पर भी हमला बोला।

पढ़े पूरी रिपोर्ट- राहुल की सदस्यता जाने पर इंदिरा बन गई प्रियंका, कही ये बात

Mar 24, 2023 | 05:08 PM (IST)

राहुल गांधी की सांसदी जाने पर कांग्रेस ने डरो मत कैंपेन किया शुरू

मोदी सरनेम वाले मानहानि मामले में राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता जाने पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर डरो मत कैंपेन शुरू किया है। कांग्रेस के ट्विटर पर राहुल गांधी की एक तस्वीर के साथ डरो मत! कैप्शन दिया गया है। पार्टी की ओर से pinned ट्वीट में लिखा गया, "राहुल गांधी जी की लोकसभा सदस्यता ख़त्म कर दी गई। वह आपके और इस देश के लिए लगातार सड़क से संसद तक लड़ रहे हैं, लोकतंत्र को बचाने की हर सम्भव कोशिश कर रहे हैं। हर षड्यंत्र के बावजूद वह यह लड़ाई हर क़ीमत पर जारी रखेंगे और इस मामले में न्यायसंगत कार्यवाही करेंगे। लड़ाई जारी है✊"

Mar 24, 2023 | 04:28 PM (IST)

थोड़ी देर में शुरू होगी कांग्रेस की अर्जेंट मीटिंग

राहुल गांधी की सांसदी जाने के मामले में कांग्रेस की अर्जेंट मीटिंग थोड़ी देर में शुरू होगी। मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित अन्य सीनियर नेता मौजूद रहेंगे।

Mar 24, 2023 | 04:25 PM (IST)

राहुल जी आप संघर्ष करो हम आपके साथ है.... कांग्रेस सांसदों ने लगाए नारे

राहुल गांधी की सांसदी समाप्त होने पर उन्हें कांग्रेस के साथ-साथ अन्य विपक्षी नेताओं का साथ भी मिल रहा है। अडानी मामले में पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों ने हिरासत में एक साथ हो कर नारेबाजी की। डिटेन किए गए सांसदों ने अडानी मामले में जेपीसी की मांग के साथ-साथ राहुल जी आप संघर्ष करो हम आपके साथ है के नारे लगाए।

Mar 24, 2023 | 04:12 PM (IST)

सच बोलने की कीमत चुका रहे राहुल गांधी- अभिषेक मनु सिंघवी

राहुल गांधी सांसदी समाप्त रद्द किए जाने पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि राहुल गांधी संसद और संसद से बाहर सच बोलते है। जिसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ रही है। उनकी आवाज को बंद करने के लिए सरकार दूसरे-दूसरे रास्ते तलाश रही है।

Mar 24, 2023 | 05:30 AM (IST)

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बोले- करोड़ों लोगों के दिल से राहुल को नहीं निकाल पाओगे

राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ट्वीट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आप भले ही राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से हटा सकते हो। लेकिन करोड़ों लोगों के दिल से राहुल गांंधी को नहीं निकाल सकोगे।

Mar 24, 2023 | 04:08 PM (IST)

राहुल गांधी के आवास पर पहुंचीं UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी

राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की सरगर्मी बढ़ गई है। सभी बड़े नेता राहुल गांंधी के आवास की ओर से कूच कर रहे हैं। अभी थोड़ी देर पहले यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी राहुल गांधी के आवास पर पहुंचीं।

Mar 24, 2023 | 03:59 PM (IST)

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे आए राहुल गांधी के साथ

राहुल गांधी की सांसदी रद्द होने पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे उनके साथ आए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में 'चोर को चोर' कहना अपराध है। यहां चोर और लुटेरे खुले घूम रहे हैं और राहुल गांधी को सजा दे दी गई है। यह सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। पूरा सरकारी तंत्र इस समय दबाव में है। यह तानाशाही के खात्मे की शुरुआत है। अब लड़ाई को सही दिशा देने का समय आ गया है।

Mar 24, 2023 | 03:58 PM (IST)

सजा के बचने और सांसदी बचाने के राहुल के पास क्या है विकल्प

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म हो गई है। हालांकि, राहुल को अपनी सदस्यता को बचाए रखने के सारे रास्ते बंद नहीं हुए हैं। वो इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैं, जहां अगर सूरत सेशन कोर्ट के फैसले पर स्टे लग जाता है तो सदस्यता बच सकती है।

साथ ही यदि हाईकोर्ट अगर स्टे नहीं देता है तो फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना होगा. ऐसे में सुप्रीम कोर्ट से अगर स्टे मिल जाता है तो भी उनकी सदस्यता बच सकती है। लेकिन अगर ऊपरी अदालत से उन्हें राहत नहीं मिलती तो राहुल गांधी 8 साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।

Mar 24, 2023 | 03:48 PM (IST)

राहुला गांधी की सांसदी जाने पर कांग्रेस ने बुलाई अर्जेंट मीटिंग

राहुल गांधी की सांसदी रद्द होने का आदेश आते ही कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मामले में शाम पांच बजे अर्जेंट मीटिंग बुलाई है। जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

Mar 24, 2023 | 03:48 PM (IST)

इंडियन डेमोक्रेसी .... ओम शांति, राहुल की सांसदी जाने पर बोले जयराम रमेश

दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इंडियन डेमोक्रेसी ओम शांति कहते हुए इस फैसले को लोकतंत्र की अर्थी उठाने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि हम कानूनी और राजनीतिक दोनों तरह से इस मामले में लड़ेंगे।हम भयभीय या चुप नहीं रहेंगे। पीएम मोदी से जुड़े अडानी घोटाले में जेपीसी गठन की जगह राहुल गांधी को अयोग्य घोषित किया गया है। इंडियन डेमोक्रेसी ओम शांति।

Mar 24, 2023 | 03:57 PM (IST)

जनप्रतिनिधित्व कानून, जिसके तहत राहुल गांधी पर हुई यह कार्रवाई

जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत भारत में किसी भी सांसद या विधायक को किसी भी मामले में दो साल की सजा सुनाए जाने पर उसकी सदस्यता समाप्त किए जाने का प्रावधान है। जिसके तहत आज शुक्रवार 24 मार्च को राहुल गांधी की सांसदी समाप्त कर दी गई। सूरत कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के एक दिन बाद आज लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी।

Mar 24, 2023 | 04:29 PM (IST)

राहुल गांधी का वो बयान जिससे मिली सजा गई सांसदी

राहुल गांधी ने कर्नाटक के कोलार में 13 अप्रैल 2019 को चुनावी रैली में कहा था कि नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी का सरनेम कॉमन क्यों है? सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है? राहुल के इस बयान को लेकर बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने उनके खिलाफ धारा 499, 500 के तहत आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया था। इसी मामले में गुरुवार को सूरत कोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की कैद की सजा सुनाई।

 

 

अगली खबर
right--arrow
Karnataka Election Result : कर्नाटक में कांग्रेस की बड़ी जीत, कल होगी विधायक दल की बैठक
Karnataka Election Result : कर्नाटक में कांग्रेस की बड़ी जीत, कल होगी विधायक दल की बैठक

सबसे लोकप्रिय

Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.