Published: Sep 09, 2023 08:52:49 pm
Prashant Tiwari
G20 Summit: विदेशी मेहमानों को दिए गए रात्रिभोज में राष्ट्रपति की तरफ से देश के केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। इस दौरान रात्रिभोज का मेन्यू भी सामने आ गया है।
G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आए विदेशी मेहमानों को आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया गया है। रात्रिभोज के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम भी पहुंच चुके है। वहीं, मेहमानों के भी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। रात्रिभोज में शामिल होने के लिए आए मेहमानों को पारंपरिक रूप से चांदी के बर्तनों में मिलेट्स से बने शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
विदेशी मेहमानों को दिए गए रात्रिभोज में राष्ट्रपति की तरफ से देश के केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। इस दौरान रात्रिभोज का मेन्यू भी सामने आ गया है। इसमें मिलेट्स से बने व्यंजन भी शामिल किए गए हैं। भोज पूरी तरह से शुद्ध शाकाहारी है। मेन्यू कार्ड में शरद ऋतु के व्यंजनों को शामिल किया गया।