BJP News जिले में भाजयुमो निकालेगा युवा संकल्प बाइक रैली
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आयोजित की जा रही है रैली

नीमच. भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर शनिवार को जिला मुख्यालय पर भी विजय संकल्प युवा बाइक रैली निकाली गई। नीमचसिटी शहीद पार्क से भाजपा के प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने निकाली बाइक रैली
बाइक रैली रवाना करने से पहले उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को प्रदेश भाजपा महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने संबोधित करते हुए कहा कि बाइक रैली युवा संकल्प के रूप में जा रही है। रैली निकालने का उद्देश्य युवाओं को यह संकल्प दिलाना है कि एक बार फिर देश में पूर्ण बहुमत से मोदी की सरकार बने। पाकिस्तान ने वीर जांबाज पायलट को छोड़ा है इतने कम समय में तो किसी थाने से बाइक तक नहीं छुड़ाई जा सकती है। विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि हमें युवाओं पर पूरा विश्वास है। युवा चाहें तो भारत की सूरत और सीरत बदल सकते हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार चमत्कारिक परिणाम सामने आ चुके हैं। युवाओं से ऐसे की परिणाम की एक बार फिर अपेक्षा है। नपाध्यक्ष राकेश पप्पू जैन ने कहा कि युवाओं से कहा कि झोपड़ी झोपड़ी और खोपड़ी खोपड़ी तक जाएं। युवा मोर्चा के कंधों पर जिम्मेदारी है कि एक बार फिर पूर्ण बहुमत से देश में भाजपा की सरकार बने। जिला पंचायत अध्यक्ष अवंतिका जाट ने कहा कि राष्ट्र संकटों से घिरा है। समझने की आवश्यकता है। युवा मन ही समझ सकता है। भाजपा के नेतृत्व में जब से देश में सरकार बनी है जब जब राष्ट्र विरोधी ताकतों को सिर उठाया है उसे कुचलने का काम किया गया है। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भूपेंद्रसिंह भीमावत ने कहा कि हमने भारत के प्रत्येक विधानसभा स्तर पर शनिवार को राष्ट्रीय आह्वान पर रैली निकाली है। नीमच के प्रत्येक विधानसभा और मंडल केंद्र पर भी रैली का आयोजन किया गया। हम युवाओं से उत्साह के साथ विजय लक्ष्य 2019 को प्राप्त करने के लिए संकल्पित हैं। हम सब राष्ट्र के परम वैभव के सपने को पूरा करना चाहते हैं। भारत माता को उस वैभव पर आरूढ़ करना चाहते हैं। आभार जिला बाइक रैली प्रभारी जतिन शर्मा ने माना। बाइक रैली नीमच सिटी शहीद पार्क से प्रारंभ होकर नीमचसिटी होते हुए बारादरी पहुंची। वहां से घंटाघर, उपनगर बघाना होते हुए पुन: विद्युत शिकायत केंद्र पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में भाजपा, भाजयुमो सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व सदस्य उपस्थित थे।
अब पाइए अपने शहर ( Neemuch News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज