scriptसुंदर की धरती से शिव ने शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा | cm jandarshan yatra at neemuch | Patrika News

सुंदर की धरती से शिव ने शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा

locationनीमचPublished: Aug 05, 2018 01:00:57 pm

Submitted by:

harinath dwivedi

– कुकड़ेश्वर पहुंचे मुख्यमंत्री, दिन भर जिले में रहेगी यात्रा- तीन स्थानों पर मंच सभाएं, पांच स्थानों पर रथ सभाएं

नीमच. प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनदर्शन यात्रा का पहला चरण रविवार को नीमच जिले से शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री निर्धारित समय से करीब १ घंटा देरी से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा के गृह नगर कुकड़ेश्वर के समीप घोटापिपलिया पहुंचे। मुख्यमंत्री के स्वागत में भारी जनसमुदाय उमड़ा।
मुख्यमंत्री चौहान का हेलीकॉप्टर रविवार सुबह ११.५३ बजे घोटापिपलिया गांव में खेतों के बीच बनाए गए हेलीपेड पर उतरा। यहां पर मनासा विधायक कैलाश चावला सहित नेताओं, पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। हेलीपेड पर जनता का अभिवादन करते हुए मुख्यमंत्री चौहान यात्रा रथ में सवार होकर कुकड़ेश्वर की ओर रवाना हुए। मार्ग में जगह-जगह मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीण जनता ने भव्य स्वागत किया।
आगे-आगे योजनाओं का प्रचार-
जिस मार्ग से मुख्यमंत्री की यात्रा का काफिला गुजर रहा है उस मार्ग पर आगे के गांव में पहले से वेन पर लगाई गई डिजिटल स्क्रीन पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कार्यकाल में बनी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इसके अलावा भाजपा के नेताओं के साथ आने वाली टोलियां, अबकी बार २०० पार के नारे लगाते चल रहे थे।
मनासा में कांग्रेसी हिरासत में-
मुख्यमंत्री की यात्रा का विरोध करने के लिए सड़क पर आए कांगे्रस कार्यकर्ताओं को मनासा में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने ब्लाक स्तर पर मुख्यमंत्री की जनदर्शन यात्रा का विरोध करने की घोषणा की थी। सुबह जैसे ही कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मनासा के बाजार में निकले तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। ब्लाक अध्यक्ष चंद्रशेखर पालीवाल, मंगेश संघई, आरसागर कछावा, कैलाश राठोर सहित पदाधिकारियों एवं लगभग २० कार्यकर्ताओं को थाने पर ले जाया गया है।
यह रहेगा जनदर्शन यात्रा का रूट-
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान की जनदर्शन यात्रा में पहली रथ सभा कुकड़ेश्वर में की जा रही है। इसके बाद वे रथ में सवार होकर हाड़ीपिपलिया होते हुए मनासा पहुंचेंगे। नगर भ्रमण के बाद मंडी प्रांगण में जनसभा में जनता से आशीर्वाद मांगेंगे। मनासा से अल्हेड़ में रथ सभा, बांगरेड़, लासूर, मोरवन में मंच सभा, सरवानिया महाराज में रथ सभा, उपरेड़ा, मोड़ी, बरखेड़ा कामलिया, होते हुए जावद में पहुंचकर रथ सभा, सुवाखेड़ा, डूंगलावदा फंटा, कनवटी होते हुए देर शाम नीमच पहुंचेंगे जहां फोर जीरो चौराहे पर मुख्यमंत्री की जनसभा होगी। यहां से जीरन पहुंचकर रथ सभा और आगे मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ जनआर्शीवाद यात्रा पहुंचेगी।
—————
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो