scriptVideo Story : यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव को करना पड़ा कार्यकर्ताओं के गुस्से का सामना | Congress Worker's Protest News In Hindi Neemuch | Patrika News

Video Story : यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव को करना पड़ा कार्यकर्ताओं के गुस्से का सामना

locationनीमचPublished: Jan 20, 2019 01:32:33 pm

Submitted by:

Mukesh Sharaiya

लोकसभा चुनाव को लेकर रायशुमारी बनाना पहुंचे थे नीमच

Congress Worker's Protest News In Hindi Neemuch

जिला कांगे्रस कार्यालय गांधी भवन पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर।

नीमच. भले ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई हो, लेकिन विधानसभा चुनाव में मिली हार को कांग्रेस प्रत्याशी पचा नहीं पा रहे हैं। शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, लोकसभा पर्यवेक्षक एवं प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी संजय कपूर के सामने उनका गुस्सा फूट पड़ा। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुलकर विधानसभा चुनाव में भीतरघात करने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की। एक बात अच्छी रही कि कार्यकर्ताओं ने अपने मन का ‘गुबार’ सार्वजनिक रूप से न निकालते हुए सर्किट हाउस पर वन-टू-वन चर्चा के दौरान निकाला।

लोकसभा चुनाव के लिए तैयार कर रहे मैदान
लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख कांग्रेस नेताओं की गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। शनिवार को इसकी एक बानगी भी जिला कांग्रेस कार्यालय पर देखने को मिली। यहां प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी संजय कपूर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रूबरू हुए। उन्होंने गांधी भवन में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी को लेकर रायशुमारी की। रायशुमारी में खुलकर तो कांग्रेस की गुटबाजी सामने नहीं आई, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से दो-तीन पदाधिकारियों ने दावेदारी अवश्य पेश की। इनमें राजेंद्रसिंह गौतम और नवकृष्ण पाटिल के नाम बताए जा रहे हैं। गौतम पूर्व में भी इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। यह बात अलग है कि उन्हें दोनों बार ही हार का सामना करना पड़ा। रायशुमारी के दौरान कार्यकर्ताओं को गुस्सा इस बात को लेकर फूटा कि विधानसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं से रायशुमरी की गई थी, लेकिन उसपर अमल नहीं किया गया। ऐसे में लोकसभा चुनाव में रायशुमारी करने को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए गए। सभी इस बात से भली भांती परिचित हैं कि इस संसदीय सीट से एकमात्र नाम मीनाक्षी नटराजन का है। उनके सामने किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर चर्चा होना भी मुश्किल है फिर क्यों दिखावा किया जा रहा है।

उभकर सामने आई गुटबाजी
प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी संजय कपूर के दौरे को लेकर जिला कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी उभरकर सामने आई। शुक्रवार को कपूर के नीमच आगमन को लेकर जिला कांग्रेस संगठन की ओर से दो प्रेस नोट जारी कर दिए गए। एक जिलाकांग्रेस अध्यक्ष अजीत कांठेड़ की ओर से जारी किया गया था। इसमें दोपहर 1.30 बजे जिला कांगे्रस कार्यालय पर संजय कूपर की संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक रखने का जिक्र किया गया था। दूसरा प्रेसनोट जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओम दीवान की ओर से जारी कराया गया था। इसमें दोपहर बजे प्रदेश सहप्रभारी की बैठक सर्किट हाउस पर रखे जाने का जिक्र था। इसको लेकर भी शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर पदाधिकारियों में नाराजगी देखी गई। पदाधिकारियों को कहना था कि नीमच जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर हारने के बाद भी गुटबाजी समाप्त नहीं हुई है तो लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर कैसे काम कर सकेंगे। संगठन में श्रेय लेने की होड़ समाप्त होना चाहिए। पदाधिकारियों के विरोध के बीच प्रदेश सहप्रभारी पहले जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं का चुनाव में जीत पर आभार व्यक्त किया। साथ ही लोकसभा चुनाव में पार्टीहित में पूरी ताकत से जुट जाने की अपील की।

वन-टू-वन में खुलकर निकाला गुबार
प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी संजय कपूर निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलम्ब से जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं में लोकसभा चुनाव को लेकर उत्साह भरा। इसके बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान जावद और मनासा से आए कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी भड़ास निकाली। जावद में कांग्रेस से बगावत कर चुनाव लडऩे वाले समंदर पटेल का प्रचार करने वाले कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई की मांग की गई। बताया गया कि करीब 300 से 400 कार्यकर्ताओं ने समंदर पटेल के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। इसके कारण जावद से कांग्रेस जीती जिताई सीट हार गई। इसी प्रकार मनासा से मंगेश संघई को लेकर कार्यकर्ताओं को गुस्सा फूटा। संघई को पार्टी से बाहर करने की मांग कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय सचिव कपूर के समक्ष रखी। राष्ट्रीय सचिव सभी की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी बात को उच्चस्तर रखेंगे। कुछ ने लिखित में भी शिकायत दी। इसकी जांच कराने की बात कपूर ने कही।

प्रदेश की अधिकांश सीटें जीतेंगे
विधानसभा चुनाव में हार को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की ओर से शिकायतें मिली है। जो भी प्रत्याशी चुनाव हारता है वो अपनी बात संगठन तक पहुंचाता ही है। हमने भी सभी बातें सुनी हैं। कुछ ने लिखित में भी शिकायत की है। इसकी जांच कराई जाएगी। जहां तक लोकसभा चुनाव का प्रश्न है पिछले चुनाव में प्रदेश की 29 में से 3 सीटें कांग्रेस ने जीती थी। इस बार यह आंकड़ा काफी बढ़ा होगा। दावेदारों ने भी अपना पक्ष रखा है। उनकी बात भी हाईकमान में पहुंचाएंगे। सर्वमान्य प्रत्याशी ही लोकसभा चुनाव लड़ेगा।
– संजय कपूर, प्रदेश सहप्रभारी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो