संस्था सदस्यों ने कड़ी मेहनत कर शहर से गांव तक पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई है। अब तक 20 हजार से अधिक पौधे रोपित कर उन्हें विशाल पेड़ बनाने में सफल हुए हैं। संस्था के संस्थापक सचिव किशोर बागड़ी, संस्थापक उपाध्यक्ष डा. राकेश वर्मा ने बताया कि नियमित एवं साप्ताहिक अभियान के तहत रविवार को गांधीनगर स्थित ग्रीन बेल्ट पार्ट एक स्मृति वन में संस्था सदस्यों द्वारा भीषण गर्मी, तपत धूप से मुरझाए पौधों के आसपास साफ सफाई की। निंदाई गुड़ाई कर पौधों को पानी पिलाया गया। पौधों के आसपास उग आई गाजरघास और कटीली झाडिय़ों की हटाया। पक्षियों की प्यास बुझाने हेतु सकोरे पेड़ों पर लगाएं गए। सकोरों में दाना-पानी भरा। संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था नीमच के सक्रिय सदस्यों का कहना है कि हर उस व्यक्ति को भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना चाहिए जो पर्यावरण के प्रति जागरूक हैं। पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण के लिए आवश्यक है कि जागरूक लोग आगे आएं और लोगों को इसके लिए प्रेरित करें। भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए सकोरे लगाकर काफी हद तक मूक प्राणियों की रक्षा की जा सकती है। भारत विकास परिषद की ओर से शहर में समय समय पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों के लिए कार्य किए जा रहे हैं। मूक प्राणियों के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी भारत विकास परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मुक्तहस्त से सहयोग कर रहे हैं। पौधरोपण हो या पौध वितरण दोनों कार्यों में भारत विकास परिषद के सदस्य तन, मन और धन से कार्य करते आ रहे हैं। इस अभियान में संस्था के संस्थापक कोषाध्यक्ष रमेश मोरे, राजकुमार सिन्हा, किशोर बागड़ी, डा. राकेश वर्मा, हरीश उपाध्याय, जगदीश शर्मा, एसएन चौधरी आदि ने सहभागिता निभाई। उक्त जानकारी संस्था के हरीश उपाध्याय ने दी।