script-अब भी चल रही ऑटो चालकों की मनमानी | neemach news | Patrika News

-अब भी चल रही ऑटो चालकों की मनमानी

locationनीमचPublished: Aug 20, 2018 11:54:10 am

Submitted by:

harinath dwivedi

थोड़े दिन चली प्रि पेड व्यवस्था, कोई नहीं मिलता बूथ पर-बुथ पर नदारद रहते हैं जिम्मेदार

patrika

-अब भी चल रही ऑटो चालकों की मनमानी

नीमच. दिन और रात में ऑटो चालकों की मनमानी से ट्रेन के यात्रियों को राहत दिलाने के लिए बड़ी मशक्कत के बाद पिछले महीनों प्रि पेड बुथ रेलवे स्टेशन पर लगवा दिया गया। हालांकि इससे ऑटो चालक नाराज हुए लेकिन कुछ दिनों तक पुलिस कप्तान के मातहत अधिकारियों की मॉनिटरिंग में यात्रियों को प्रिपेड बुथ पर किराया लेकर रसीदें देने की व्यवस्था चाक चौबंद रही। लेकिन अब फिर स्थिति गड़बड़ा रही है। ट्रेन के समय अक्सर प्रि पेड बुथ खाली दिखाई देता है, ऑटो चालक स्टेशन गेट पर ही खड़े होकर सवारियां खींचते हैं और इस तरह मनमाने किराए की वसूली का दौर फिर से शुरू हो गया है।
यह बन रहे हालात-
रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे, इंदौर की ओर से आई ट्रेन जैसे ही रुकी तो नीमच उतरने वाले यात्रियों की तादाद भी कम न थी। गेट के बाहर का पूरा परिसर ऑटो चालकों ने घेर रखा था। जो प्रि पेड बुथ के बारे में जानते हंै वे बुथ की तरफ गए भी लेकिन निराशा हाथ लगी। जो अनजान हैं उन्हें चालकों ने घेर लिया। एक-एक कर सवारियों को भेड़ बकरियों की तरह ऑटो में ठूंसा जाने लगा। किराया वही जो ऑटो चालक ले ले। किराया सूची भी ऑटो रिक्शा में नहीं लगी है।इंदिरा नगर के लिए ऑटो वाले से माथापच्ची कर चुके चंदन शिंदे ने बताया कि पहले यहां प्रिपेड बुथ चल रहा था। आज देखा तो कोई नहीं था। ऑटो वाले 60 रुपए की मांग कर रहे थे। इनकी एकता के कारण दूसरा भी नहीं बैठाता। मजबूरी में या तो पैदल जाओ या फिर चालक की मांग पूरी करो। ऐेसे कई यात्री वहां बिना प्रि पेड बुथ की रसीद के ऑटो चालकों ने बैठाए और एक-एक कर रवाना होते गए।
रात्रि में अधिक होती है परेशानी-
एसपी तुषारकांत विद्यार्थी के संज्ञान में जब रेल यात्रियों की इस परेशानी का मामला आया था तो उन्होने करीब 5 माह पूर्व प्रिपेड बुथ शुरू करवा दिया था। इसमें चौबीस घंटे के लिए दो-दो व्यक्ति तैनात करने की व्यवस्था की गई थी। खासतौर से रात्रि में ट्रेन से आने वाले यात्रियों से अधिक किराया वसूली की शिकायतें अक्सर मिलती थी। जितना किराया इंदौर से नीमच तक ट्रेन का लगता था उसका डेढ़ गुना नीमच शहर में ही गंतव्य तक ऑटो से जाने का लगता था। लेकिन बल के अभाव में यह व्यवस्था इन दिनों गड़बड़ा रही है। अब रात्रि में भी कई बार बुथ बंद ही रहता है।
वर्जन-
इन दिनों सिंहस्थ में श्रावण सोमवार की शाही सवारियों की ड्यूटी के लिए बल गया हुआ है।इस कारण एक ही व्यक्ति प्रि पेड बुथ पर ड्यूटी दे रहा है।दो सोमवार और थोड़ी दिक्कत रह सकती है। लेकिन ऑटो वालों को निर्धारित किराए के अनुसार ही किराया लेने के लिए स्पष्ट चेतावनी दी हुई है।कोई भी शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई करेंगे।यात्रियों को प्रि पेड बुथ के बारे में जानकारी देने के लिए स्टेशन के बाहर एक फ्लैक्स बोर्ड भी लगवा रहे हैं। इससे ज्यादा सुविधा होगी। -आरएस राठौर, ट्राफिक थाना प्रभारी नीमच
—————–

ट्रेंडिंग वीडियो