script40 रुपए भी नहींं भर पा रहे जलकर के शहरवासी | neemach news | Patrika News

40 रुपए भी नहींं भर पा रहे जलकर के शहरवासी

locationनीमचPublished: Mar 07, 2019 09:33:11 pm

Submitted by:

Mahendra Upadhyay

एक करोड़ रुपए से अधिक का जलकर वसूलना शेषइस साल भी 76 प्रतिशत ही हो सकी है जलकर की वसूली

patrika

40 रुपए भी नहींं भर पा रहे जलकर के शहरवासी

नीमच. नगरपालिका ने शहर में करीब साढ़े 13 हजार लोगों को नल कनेक्शन दे रखे हैं। प्रति कनेक्शन मात्र 40 रुपए प्रतिमाह जलकर लिया जाता है। चौकाने वाली बात यह है कि इतनी कम राशि भी लोग जमा कराने से गुरेज कर रहे हैं। परिणाम स्वरूप अब तक एक करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक का जलकर लोगों पर बकाया हो गया है। इसमें से 13 लाख 45 हजार रुपए का बकाया तो चालू वित्तवर्ष का ही है।
चालू वर्ष की भी नहीं हो सकी पूरी वसूली
नगरपालिका से मूलभूत सुविधाओं की अपेक्षा सबको रहती है। सड़क, पानी, बिजली आदि की सुविधाएं सबको चाहिए। सुविधा नहीं मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया जाता है। जब टैक्स जमा कराने की बात आती है तो लोग बगले झांकने लगते हैं। 40 रुपए प्रतिमाह का जलकर तक जमा नहीं करा पाते। एक दो दिन नल नहीं आते हैं तो हाहाकार मच जाता है। नगरपालिका से मिली जानकारी अनुसार वित्तवर्ष 2018 -19 में जलकर के रूप में 56 लाख 29 हजार 920 रुपए का जलकर वसूला जाना था। इसकी एवज में 42 लाख 84 हजार 883 रुपए की वसूली हो चुकी है। 13 लाख 45 हजार 37 रुपए इसी वित्तीय वर्ष का जलकर वसूला जाना शेष है। वित्तवर्ष समाप्त होने में 23 दिन ही शेष बचे हैं।
पूर्व का ही 98 लाख रुपए है अब तक बकाया
31 मार्च 2018 से पहले तक नपा को जलकर का एक करोड़ 25 लाख 42 हजार 763 रुपए वसूलाना था। इसमें से २६ लाख 71 हजार 676 रुपए का जलकर इस साल वसूला जा चुका है। चौकाने वाली बात यह है कि इसमें से भी ९८ लाख ७१ हजार ८७ रुपए का जलकर अभी भी वसूला जाना शेष है। इसमें वित्तवर्ष २०१८-१९ का बकाया जलकर भी जोड़ दी जाए तो यह राशि एक करोड़ १२ लाख १६ हजार १२४ रुपए हो जाती है। इससे यही प्रतीत होता है कि उपभोक्ताओं द्वारा वर्षों से जलकर जमा नहीं कराया जा रहा है। न ही नगरपालिका प्रशासन की ओर से इस ओर गंभीरता बरती जा रही है।
अपमान से डर से नहीं कर रहे सूची सार्वजनिक
पिछले दिनों नगरपालिका प्रशासन की ओर से जानकारी सार्वजनिक की गईथी कि जिन लोगों को जलकर और सम्पत्तिकर वर्षों से बकाया है उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। तीन दिन बाद जब इस संबंध में नगरपालिका से जानकारी मांगी गईतो देने से साफमना कर दिया गया। तर्क दिया गया कि बकायदारों के नाम सार्वजनिक होने से उनकी बदनामी होगी। एक ओर तो नपा प्रशासन को लोगों की बदनामी की चिंता है, दूसरी ओर टैक्स वसूलने में नपा अधिकारी कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं। यह भी हो सकता है कि जिन लोगों को जलकर बकाया है वो प्रभावशाली या दबंग हों। इस कारण नपा उन पर हाथ डालने से गुरेज कर रही हो। जबकि गरीब व्यक्ति का जलकर बकाया होने पर उसे काफी परेशान कर दिया जाता है।
मेरे कार्यकाल में वसूली में आई तेजी
पिछले कार्यकाल का तो मैं नहीं कह सकता, लेकिन मेरे कार्यकाल में जलकर की वसूली में काफी तेजी आई है। इस वित्तवर्ष में अब तक ७६ फीसदी जलकर वसूला जा चुका है। शेष राशि वसूलने में भी तेजी लाई जाएगी।
– संजेश गुप्ता, सीएमओ
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो