scriptनीमच नगरपालिका को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड | neemach news | Patrika News

नीमच नगरपालिका को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड

locationनीमचPublished: Jun 22, 2018 11:05:55 am

Submitted by:

harinath dwivedi

-मंदिरों में चढ़ाए जाने फूलों से जैविक खाद बनाने के नवाचार पर स्कॉच आर्डर ऑफ मेरिट-योजना देश के निकायों में लागू होगी

patrika

नीमच नगरपालिका को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड

नीमच. स्वच्छता के साथ ही वेस्ट को बेस्ट बनाने के नवाचार के लिए नगरपालिका नीमच को प्रतिष्ठित स्कॉच आर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया है। नईदिल्ली में दो दिनों की प्रतियोगिता में १२० नगरपालिकाओं के बीच विभिन्न श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा हुई।नपा नीमच की टीम को स्कॉच के चेयरमेन समीर कोचर, उत्तरप्रदेश के परिवहन मंत्री के हाथों कांस्य पत्रभेट किया गया है।नीमच नपा का यह नवाचार देश के विभिन्न निकायों में लागू किया जाएगा।
चार चरणों की प्रतिस्पर्धा के बाद मिला पुरस्कार-
स्कॉच अवार्ड देश का स्थापित पुरस्कार है।इसमें सामुहिक नवाचार की श्रेणी में पहले चरण में नीमच नगरपालिका की ओर से मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों को एकत्रित कर उससे खाद बनाने के प्रोजेक्ट का पंजीयन कराया था। देशभर की ३२०० संस्थाओं में से १२०० संस्थाओं को शार्ट लिस्ट किया गया। जिसमें नीमच भी शामिल रहा। इसके बाद ९०० संस्थाओं को नवाचार की विभिन्न श्रेणियों के अनुसार चयनित किया गया।इनमें अंतिम तौर पर १२० संस्थाएं शेष बची थी। १९ जून से नईदिल्ली में स्कॉच अवार्ड के लिए नामांकित इन १२० संस्थाओं के बीच अपने-अपने नवाचार के लिए प्रतिस्पर्धा हुई जिसमें नीमच नगपालिका को स्कॉच आर्डर ऑफ मेरिट के लिए चुना गया।गुरूवार शाम भव्य समारोह में नीमच नगरपालिका की टीम को पुरस्कृत किया गया।
गंगा बेसिन में लागू होगा नीमच का मॉडल-
उच्चाधिकारियों ने बताया कि नीमच में मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों को एकत्रित कर उनसे जैविक खाद बनाने का प्रोजेक्ट चयनकर्ताओं द्वारा बेहद पसंद किया गया है। एकत्रित फूलों को एक स्थान पर नाडेप टांके में डाला जाता है। करीब ४५ दिन की जैविक प्रक्रिया के बाद खाद तैयार हो जाता है। नपा द्वारा अब तक लगभग डेढ़ ट्रॉली खाद तैयार कर विक्रय किया जा चुका है।अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को प्रायोगिक तौर पर गंगा के किनारे लागू किया जाएगा। गंगा किनारे धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में फूल चढ़ाए जाते हैं।इससे गंगा का प्रदूषण भी रूकेगा और फूलों से जैविक खाद बनाकर उसका सदुपयोग किया जा सकेगा।
इस अवार्ड पर नपा अध्यक्ष राकेश जैन पप्पू ने पूरी टीम को बधाई दी है और आशा जताई है कि शहर की स्वच्छता के लिए इस तरह के और भी नवाचार जारी रहेेंगे।इधर सीएमओ संजेश गुप्ता ने बताया कि इसी तरह के और भी प्रोजेक्ट आगामी दिनों में शुरू किए जा रहे हैं जो स्वच्छता, पर्यावरण की दृष्टि से लाभकारी भी होंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो