scriptपति घर में घुसा तो पत्नी को मृत खून में लथपथ पाया, कौन हत्यारा…. | neemuch me mahila ki suva ghopkar hatya | Patrika News

पति घर में घुसा तो पत्नी को मृत खून में लथपथ पाया, कौन हत्यारा….

locationनीमचPublished: Aug 08, 2019 12:36:30 pm

Submitted by:

Virendra Rathod

पति घर में घुसा तो पत्नी को मृत खून में लथपथ पाया, कौन हत्यारा….

patrika

पति घर में घुसा तो पत्नी को मृत खून में लथपथ पाया, कौन हत्यारा….

नीमच। नीमच कैंट थाना क्षेत्र में चौकन्ना बालाजी पुलिया समीप शांतिनगर में एक मकान के अंदर सबसे पीछे के कमरे से सुवा घोंपकर महिला की हत्या करने का मामला बुधवार शाम को सामने आया है। पति शाम चार बजे जब घर पहुंचा तो दरवाजा नहीं खोलने पर धक्का देने चिटकनी अटकने पर उसे अंदर हाथ डालकर खोलकर अंदर गया तो पीछे के कमरे पत्नी को खून में लथपथ जमीन पर पड़ा देखकर चीख कर बाहर आया। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। पुलिस को पीछे का दरवाजा बाहर से कुंदी लगा बंद मिला है। जिससे स्पष्ट है कि हत्या या अन्य कृत्य के बाद युवक पीछे के रास्ते से फरार हुआ है। एसपी राकेश कुमार सगर ने प्रथम दृष्टया मामला हत्या का बताया है, नुकील वस्तु से महिला पर हमला कर हत्या की गई है। उसके शरीर पर चार से पांच चोट है। मृतका का पीहर पक्ष गुरुवार सुबह कोटा राजस्थान से आने के बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि बंगला नंबर ५९ में शांतिनगर बस्ती निवासी कोमल पति अजय प्रजापति उर्फ चिंटू उम्र २२ वर्ष की शादी को चार साल हो गए थे। उसके संतान नहीं थी। घर पर दोनों पति पत्नी रहते है। पति बारदाने का काम करता है और काम के सिलसिले में मंगलवार को भीलवाड़ा गया था। उसने दोपहर एक बजे पत्नी से भी मोबाइल पर बातचीत की थी। जिसने राखी के त्यौहार पर कोटा पीहर जाने की बात कही थी। इस पर उसने कहा था कि वह आ रहा है। वह उसे छोड़ देगा। महिला का बैग भी तैयार था। कोमल का पति अजय शाम करीब चार बजे घर पहुंचा और उसने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने तेज धक्का दिया और अंदर से चिटकनी अटकी थी। वह दरवाजा खोलकर अंदर घुसा तो उसने पीछे के अंतिम कमरे अर्थात तीसरे कमरे में पत्नी को जमीन पर लहुलुहान हालत में मृत पाया। जिसके बाद चीखकर बाहर आया और मोहल्ले वाले एकत्रित हो गए। पड़ौस में रहने वाली उसकी मौसी ममता और परिजन भी पहुंच गए। मोहल्ले वासियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। शाम पांच बजे मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू हुई। पुलिस को पीछे का दरवाजा बाहर से कुंदी लगा मिला है। जिसका रास्ता पड़ौस के मकान की गली से है। हत्या की घटना पर एसपी राकेश कुमार सगर, एएसपी राजीव मिश्रा और सीएसपी राकेश मोहन शुक्ल सहित नीमच कैँट थाना प्रभारी अजय सारवान और बघाना थाना प्रभारी आरसी दांगी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। नुकीली वस्तु से हमला कर हत्या की गई है। मौके से महिला का हाथ भी स्टॉल से बंधा मिला है। वहीं उसके चेहरे और पेट तथा राइट साइड पर सुवा घोंपने के घाव मिले है। वहीं छिना झपटी में घर पर परात का लहसुन फैला हुआ और अन्य सामान अस्त व्यस्त मिला है। पुलिस ने मामला हत्या में दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

सुबह नो बजे ही आ गया काम करने वाला युवक
मृतक की मौसी सास ममता पति रणजीत सिंह ने बताया कि भांजा अजय उर्फ चिंटू कल भीलवाड़ा काम से जाने की बात कहकर गया था और वह कहकर गया था कि घर का ध्यान रखना। कोमल अकेली रहेगी, किसी को घर पर सुला देना। इस पर मौसी ने उसकी बेटी रंजना को कोमल के साथ सुलाया था। रंजना राखी त्यौहार करने पीहर आई हुई थी। रंजना सुबह नो बजे उठकर घर आ गई थी। इस दौरान घर पर बारदाना सिलने वाले मजदूर युवक बम को सुबह नो बजे घर पर देखा तो कहा कि इतनी जल्दी काम पर आ गया। वह कहने लगा कि कई बार काम पर जल्दी आ जाता हूं। सुबह ११ बजे बाहर कोमल को देखा भी गया। इस दौरान घर से इरफान और बम दोनों काम करने वाले भी निकले थे। उसके बाद भांजा आने पर हत्या का पता चला।

मां भी मकान में जलकर मरी
वहीं मोहल्ले वासियों का कहना था कि युवक अजय की मां ने भी पूर्व में लेनदेन के विवाद के बाद जलकर आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद अजय की पत्नी के साथ यह हादसा हुआ है। अजय पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। अजय की पत्नी कोमल घर के बाहर बहुत कम दिखाई देती थी। वह आने जाने के लिए भी पीछे का दरवाजा इस्तेमाल करती थी। जिसका रास्ता पड़ौस के मकान के पास से है।

सभी एंगल पर हत्या की जांच
महिला की नुकीली वस्तु पेट में घोंपकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया हत्या में मामला दर्ज कर लिया गया है। अवैध संबंध और रंजिश सहित पति की भूमिका भी जांच की जा रही है। हत्या के पीछे अवैध संबंध बड़ी वजह हो सकती है। फिलहाल सभी पहलू पर जांच की जा रही है। जैसे साक्ष्य मिलेंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
– राजीव कुमार मिश्रा, एएसपी नीमच।

सामान व्यवस्थित मिला है
मृतका का शव अंतिम कमरे में मिला है, नुकीली वस्तु को घोंपकर हत्या की गई है। पेट में सामने और साइड में चेहरे पर नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाई गई है। घर पर ज्वैलरी व रकम अन्य सामान व्यवस्थित मिले है। जिससे स्पष्ट है कि चोरी या लूट के लिए हत्या नहीं हुई है। संभवत: अवैध संबंध को लेकर प्वाइंट पर गहनता से जांच की जा रहीं है। हत्या में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
– राकेश कुमार सगर, एसपी नीमच।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो