जिलेभर में गुरुवार को करवा चौथ धूमधाम से मनाई गई। दिन में करवा चौथ के चलते जहां बाजारों में काफी चहल पहल नजर आ रही थी। वहीं शाम होते ही महिलाएं पूजा अर्चना में जुट गई। महिलाओं ने मिट्टी से बने करवे पर सभी सामग्रियां चढ़ाकर पूजा अर्चना की। वहीं कहीं पर सामुहिक रूप से तो कहीं पर घर में बुजुर्ग महिलाओं से करवा चौथ की कथा सुनकर महिलाओं ने व्रत रखा। दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को महिलाएं बेसब्री से चांद का इंतजार करते नजर आई। कोई बार बार छत पर जाकर चांद के दर्शन करने के लिए ललायित थी, तो कोई घर के बाहर निकलकर चांद निकलने का इंतजार कर रही थी। मौसम साफ होने के कारण रात होते ही चंद्रमा के दर्शन होने लगे, तो महिलाओं ने भी पूजा अर्चना कर पति के हाथ से करवे का जल पीकर व्रत खोला। इस अवसर पर महिलाओं ने अमर सुहाग की कामना की।